अमेरिका में ग्रीन कार्ड पाने की राह आसान नहीं, जानें भारतीयों को क्यों करना पड़ रहा लंबा इंतजार
अमेरिका में ग्रीन कार्ड पाने का इंतजार कर रहे भारतीयों के लिए दिसंबर 2026 का वीजा बुलेटिन अहम है। इसमें भारत और चीन के आवेदकों की कटऑफ तारीखों में बड़ा अंतर देखने को मिला है। आखिर ग्रीन कार्ड की कतार में भारतीय इतने पीछे क्यों हैं और इसकी क्या वजह है?

In Short
- ग्रीन कार्ड की EB-2 और EB-3 कैटेगरी में भारत से करीब 8 साल आगे चीन।
- EB-1 कैटेगरी में भारत और चीन के बीच सिर्फ छह महीने का अंतर।
- ज्यादा आवेदन और वीजा की सीमित संख्या बनी बड़ी चुनौती।
अमेरिका में नौकरी करने वाले भारतीयों के लिए ग्रीन कार्ड का इंतजार काफी लंबा होता जा रहा है। दिसंबर 2026 के अमेरिकी वीजा बुलेटिन में भारत और चीन में जन्मे आवेदकों के बीच बड़ा अंतर देखने को मिला है। रोजगार आधारित ग्रीन कार्ड की दो प्रमुख कैटेगरी EB-2 और EB-3 में चीन की कतार भारत के मुकाबले करीब 8 साल आगे है। हालांकि, EB-1 कैटेगरी में दोनों देशों के बीच यह अंतर काफी कम है।
भारत और चीन के बीच कितना अंतर?
अमेरिकी विदेश विभाग के दिसंबर वीजा बुलेटिन के मुताबिक, EB-2 कैटेगरी में चीन के आवेदकों के लिए फाइनल एक्शन डेट 1 अक्टूबर 2021 है, जबकि भारत के लिए यह तारीख 1 नवंबर 2013 है।
वहीं, EB-3 कैटेगरी में चीन के लिए कटऑफ डेट 22 जनवरी 2022 और भारत के लिए 22 जनवरी 2014 है। EB-1 कैटेगरी में चीन की कटऑफ डेट 1 अगस्त 2023 और भारत की 1 फरवरी 2023 है। इस कैटेगरी में दोनों देशों के बीच सिर्फ छह महीने का अंतर है।
ये तारीखें बताती हैं कि ग्रीन कार्ड आवेदकों की कतार कितनी आगे बढ़ी है। हालांकि, इन्हें प्रत्येक आवेदक के इंतजार की वास्तविक अवधि नहीं माना जा सकता है।
भारतीयों के लिए क्यों लंबा है इंतजार?
इस अंतर की एक बड़ी वजह अमेरिका में स्थायी रूप से रहने के इच्छुक भारतीय प्रोफेशनल्स की बड़ी संख्या है। अमेरिकन इमिग्रेशन काउंसिल के आंकड़ों के मुताबिक, रोजगार आधारित मंजूर आवेदनों में ग्रीन कार्ड की उपलब्धता का इंतजार कर रहे भारतीयों की हिस्सेदारी काफी ज्यादा है।
कंपनी की ओर से स्पॉन्सर की गई याचिका मंजूर होने के बाद भी आवेदकों को अपनी प्रायोरिटी डेट आने तक इंतजार करना पड़ सकता है।
हर देश के लिए तय है वीजा की सीमा
अमेरिका में रोजगार आधारित इमिग्रेंट वीजा जारी करने की सालाना सीमा तय है। इसके अलावा परिवार और रोजगार आधारित प्रेफरेंस इमिग्रेंट वीजा के कुल सालाना आवंटन पर प्रत्येक देश के लिए सामान्य तौर पर 7 फीसदी की सीमा लागू होती है। हालांकि, इसके कुछ कानूनी अपवाद भी हैं।
भारत से आवेदकों की संख्या ज्यादा होने के कारण उपलब्ध वीजा उनकी मांग के अनुरूप नहीं हैं।
क्या कैटेगरी बदलने से कम हो सकता है इंतजार?
EB-1 कैटेगरी में असाधारण प्रतिभा वाले लोग, योग्य प्रोफेसर, रिसर्चर और मल्टीनेशनल कंपनियों के पात्र अधिकारी शामिल होते हैं। EB-2 में उच्च डिग्री और विशेष योग्यता वाले प्रोफेशनल्स आते हैं, जबकि EB-3 में कुशल कर्मचारी, प्रोफेशनल्स और कुछ अन्य कर्मचारी शामिल होते हैं।
आवेदक लंबे इंतजार से बचने के लिए अपनी मर्जी से कैटेगरी नहीं बदल सकते हैं। हर कैटेगरी की पात्रता शर्तें अलग-अलग हैं।