UPI MDR से पहले पेट्रोल पंपों पर असर, ऑनलाइन पेमेंट से दूरी, कैश के लगे पोस्टर

15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से ज्यादा के कुछ UPI पेमेंट पर MDR लागू होने वाला है। लेकिन नया नियम लागू होने से पहले ही पेट्रोल पंपों पर इसका असर दिखने लगा है। कई जगह कैश पेमेंट के पोस्टर लगाए गए हैं। वहीं लोगों में नए नियम और चार्ज को लेकर उलझन बनी हुई है।

Advertisement

In Short

  • 15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से ज्यादा के चुनिंदा UPI ट्रांजैक्शन पर MDR लागू होगा।
  • पेट्रोल पंपों पर कैश पेमेंट के पोस्टर दिखने लगे हैं और ग्राहकों में नए नियम को लेकर भ्रम है।
  • पेट्रोल पंप पर 2,000 रुपये से ज्यादा के UPI भुगतान पर फ्लैट 5 रुपये MDR लगेगा।

By Sonam:

केंद्र सरकार ने 2,000 रुपये से ज्यादा के UPI लेनदेन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानी MDR लागू करने का ऐलान किया है। नया नियम 15 अक्टूबर से लागू होने वाला है। इसके तहत चुनिंदा व्यापारियों से 2,000 रुपये से ज्यादा के UPI ट्रांजैक्शन पर MDR लिया जाएगा। हालांकि नियम लागू होने से पहले ही इसका असर पेट्रोल पंपों पर दिखाई देने लगा है। कई जगह कैश पेमेंट से जुड़े पोस्टर लगाए गए हैं और लोगों में भी UPI पेमेंट को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

पेट्रोल पंपों पर कैश पेमेंट के पोस्टर

आजतक की ग्राउंड रिपोर्ट के मुताबिक, पेट्रोल पंप और CNG स्टेशन पर कैश पेमेंट के पोस्टर नजर आने लगे हैं। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि अक्टूबर से नया नियम लागू होगा। फिलहाल वे UPI से पेमेंट ले रहे हैं, लेकिन जैसे-जैसे लोगों को MDR के बारे में जानकारी मिल रही है, 2,000 रुपये से ज्यादा के UPI पेमेंट को लेकर चिंता बढ़ रही है।

कुछ पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि UPI MDR को लेकर अभी तक साफ निर्देश नहीं मिले हैं। हालांकि कुछ जगहों पर कैश पेमेंट लेना शुरू कर दिया गया है और ग्राहकों को इसके बारे में जानकारी भी दी जा रही है।

2,000 रुपये से ज्यादा के पेमेंट से बच रहे लोग

पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे ग्राहकों का कहना है कि UPI MDR को लेकर अभी कई तरह का भ्रम है और लोगों को सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। कुछ लोग 2,000 रुपये से ज्यादा का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करने से बच रहे हैं। अगर उन्हें 2,000 रुपये से ज्यादा का भुगतान करना है तो वे इसे दो से तीन हिस्सों में ट्रांसफर कर रहे हैं।

Image Credit : Aaj Tak

लोगों का कहना है कि अगर MDR से व्यापारियों पर अतिरिक्त असर पड़ता है तो आगे चलकर इसका प्रभाव आम आदमी की जेब पर भी पड़ सकता है। उनका मानना है कि सरकार को इस फैसले पर फिर से विचार करना चाहिए।

किन व्यापारियों पर लागू होगा MDR?

NPCI के सर्कुलर के मुताबिक, UPI MDR से सिर्फ 4 फीसदी चुनिंदा व्यापारी प्रभावित होंगे, जबकि 96 फीसदी छोटे व्यापारी इसके दायरे में नहीं आएंगे। इन 4 फीसदी व्यापारियों से 2,000 रुपये से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पर 0.4 फीसदी MDR लिया जाएगा और इसकी अधिकतम सीमा 300 रुपये होगी।

महीने में 1 लाख रुपये कमाने वाले व्यापारियों और 2,000 रुपये तक का ट्रांजैक्शन हासिल करने वाले कारोबारियों पर इसका असर नहीं होगा।

पेट्रोल पंप पर कितना लगेगा MDR?

पेट्रोल पंप के लिए अलग फ्लैट-रेट मॉडल रखा गया है। पेट्रोल पंप पर 2,000 रुपये से ज्यादा के UPI भुगतान पर 0.4 फीसदी MDR नहीं लगेगा। इसकी जगह हर ऐसे ट्रांजैक्शन पर फ्लैट 5 रुपये MDR लिया जाएगा। यानी पेट्रोल-डीजल का बिल 10,000 रुपये या इससे ज्यादा होने पर भी MDR 5 रुपये ही रहेगा। इसका उद्देश्य पेट्रोल-डीजल रिटेल विक्रेताओं के लिए डिजिटल पेमेंट को किफायती बनाए रखना है।

Read more!
Advertisement