यूएई से भारत आने वालों के लिए नया नियम! अब भरना होगा एयर सुविधा फॉर्म, जानें कब और कैसे करना है जमा

यूएई समेत विदेशों से भारत आने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर हेल्थ चेकिंग से जुड़ा नया नियम सामने आया है। इबोला वायरस के खतरे के बीच एयर सुविधा फॉर्म को लेकर जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। जानिए किसे फॉर्म भरना होगा और बिना फॉर्म के पहुंचने पर क्या परेशानी हो सकती है।

Advertisement

In Short

  • यूएई समेत सभी देशों से भारत आने वाले यात्रियों के लिए एयर सुविधा फॉर्म अनिवार्य होने की खबर।
  • भारत पहुंचने से पहले के 24 घंटों में ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा, पिछले 21 दिनों की ट्रैवल हिस्ट्री भी देनी होगी।
  • बिना फॉर्म के एयरपोर्ट पहुंचने पर हेल्थ स्क्रीनिंग और क्लियरेंस में देरी हो सकती है।

By Gaurav Kumar:

विदेश से भारत आने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर हेल्थ चेकिंग से जुड़े नियमों को लेकर नई जानकारी सामने आई है। इबोला वायरस के खतरे को देखते हुए भारत में यात्रियों की हेल्थ स्क्रीनिंग पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में यूएई समेत दूसरे देशों से भारत आने वालों को कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा। आइए जानते हैं कि नया नियम क्या है, फॉर्म कैसे भरना है और एयरपोर्ट पर किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

भारत आने से पहले भरना होगा एयर सुविधा फॉर्म

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, यूएई से भारत आने वाले सभी यात्रियों के लिए एयर सुविधा सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म भरना अनिवार्य किया गया है। यह फॉर्म भारत पहुंचने से पहले के 24 घंटों के भीतर ऑनलाइन जमा करना होगा।

यह नियम सभी इंटरनेशनल यात्रियों पर लागू होगा। इसमें भारतीय पासपोर्ट होल्डर्स, ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया यानी ओसीआई कार्ड होल्डर्स और विदेशी पासपोर्ट वाले यात्री भी शामिल हैं। यात्रियों की नेशनलिटी या पिछली ट्रैवल हिस्ट्री से इस नियम में कोई छूट नहीं मिलेगी।

ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने यात्रियों को सफर शुरू करने से पहले ऑनलाइन हेल्थ डिक्लेरेशन भरने की सलाह दी है।

एयर सुविधा फॉर्म कैसे भरें और क्या-क्या चाहिए?

यात्री आधिकारिक वेबसाइट airsuvidha.civilaviation.gov.in पर जाकर मुफ्त में फॉर्म भर सकते हैं। बेहतर होगा कि इसे फ्लाइट में बैठने से पहले, वेब चेक-इन के दौरान ही पूरा कर लें।

फॉर्म भरने के लिए वैलिड पासपोर्ट, जरूरत पड़ने पर भारतीय वीजा, फ्लाइट टिकट या बोर्डिंग पास और भारत में रुकने का पता चाहिए। इसके अलावा ट्रैवल हिस्ट्री, विदेश में ट्रांजिट की जानकारी, मोबाइल नंबर और ईमेल देना होगा। जरूरत पड़ने पर मेडिकल रेफरेंस लेटर भी देना पड़ सकता है।

फॉर्म में देनी होगी 21 दिनों की ट्रैवल हिस्ट्री

यात्रियों को अपना पासपोर्ट नंबर, नेशनलिटी, फ्लाइट नंबर और भारत में एंट्री वाले पहले एयरपोर्ट की जानकारी भरनी होगी। साथ ही पिछले 21 दिनों में किन देशों की यात्रा की है, यह भी बताना होगा।अगर सफर के दौरान कई देशों में ट्रांजिट हुआ है, तो 'ऐड ट्रांजिट रो' ऑप्शन से उनकी जानकारी जोड़ सकते हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद इबोला के संपर्क में आने और बुखार या ब्लीडिंग जैसे लक्षणों से जुड़े सवालों के जवाब देने होंगे। फॉर्म जमा करने के बाद उसका एक्नॉलेजमेंट डाउनलोड करके रखना जरूरी है।

बिना फॉर्म भरे भारत पहुंचे तो क्या होगा?

भारत पहुंचने पर इंटरनेशनल ट्रैवल हेल्थ डेस्क पर एयर सुविधा एक्नॉलेजमेंट दिखाने को कहा जा सकता है। जरूरत पड़ने पर एयरपोर्ट पोर्ट हेल्थ ऑफिसर अतिरिक्त स्क्रीनिंग कर सकते हैं।

अगर किसी यात्री ने फॉर्म नहीं भरा है, तो उसे एयरपोर्ट स्टाफ के निर्देश मानकर हेल्थ डेस्क पर जाना होगा। इससे एयरपोर्ट पर क्लियरेंस मिलने में देरी हो सकती है।

आखिर क्यों जरूरी किया गया यह नियम?

वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन यानी डब्ल्यूएचओ ने 17 मई 2026 को डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और युगांडा में इबोला/बुंडीबुग्यो वायरस के प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय स्तर की पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया था।

इसके बाद भारत ने इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हेल्थ स्क्रीनिंग मजबूत की है। एयर सुविधा 2.0 पोर्टल से हेल्थ अधिकारी, इमिग्रेशन और बीमारी की निगरानी करने वाली टीमें यात्रियों की जानकारी साझा कर सकेंगी। इससे जरूरत पड़ने पर यात्रियों की समय रहते अतिरिक्त जांच की जा सकेगी।

Read more!
Advertisement