तुषार कपूर को बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी! 5 करोड़ की रंगदारी मांगी, ऑडियो जांच में सामने आया नया ट्विस्ट

बॉलीवुड एक्टर तुषार कपूर से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। धमकी भरे कॉल के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की। लेकिन ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच में ऐसी बात सामने आई, जिसने पूरे मामले में नया सवाल खड़ा कर दिया।

Advertisement

In Short

  • बॉलीवुड एक्टर तुषार कपूर से बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।
  • हैरी बॉक्सर के नाम से धमकी भरा कॉल आया, लेकिन ऑडियो जांच में आवाज मैच नहीं हुई।
  • मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच और एंटी एक्सटॉर्शन सेल धमकी देने वाले शख्स की तलाश में जुटी हैं।

By Gungun Mishra:

बॉलीवुड एक्टर तुषार कपूर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अभिनेता को हैरी बॉक्सर के नाम से धमकी भरा कॉल किया गया था। इसके बाद तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। हालांकि, शुरुआती जांच में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। धमकी देने वाले शख्स की आवाज हैरी बॉक्सर के उपलब्ध ऑडियो सैंपल से मैच नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस को शक है कि किसी ने बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर अभिनेता को डराने की कोशिश की है।

हैरी बॉक्सर के नाम से मांगे 5 करोड़ रुपये

मिली जानकारी के मुताबिक, तुषार कपूर को एक धमकी भरा कॉल आया था। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की मांग की। इस दौरान हैरी बॉक्सर का नाम भी इस्तेमाल किया गया।

धमकी मिलने के बाद तुषार कपूर ने बिना देरी किए मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जिम्मेदारी एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी। अब जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल किसने किया था।

हैरी बॉक्सर की आवाज से मैच नहीं हुआ ऑडियो

मामले की जांच के दौरान मुंबई क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की। इसके लिए पुलिस के पास पहले से मौजूद हैरी बॉक्सर के ऑडियो सैंपल का इस्तेमाल किया गया।

मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजों का मिलान नहीं हुआ। यानी धमकी भरे कॉल में सुनाई देने वाली आवाज हैरी बॉक्सर के उपलब्ध सैंपल से अलग पाई गई।

इसके बाद पुलिस को शक है कि कॉल करने वाला व्यक्ति हैरी बॉक्सर नहीं, बल्कि कोई दूसरा शख्स हो सकता है। हालांकि, अभी इस बारे में अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है।

धमकी देने वाले शख्स की तलाश में पुलिस

अब मुंबई पुलिस उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने तुषार कपूर को कथित तौर पर धमकी भरा कॉल या ऑडियो भेजा था। क्राइम ब्रांच कॉल से जुड़े तकनीकी सबूतों और डिजिटल जानकारी की जांच कर रही है।

फिलहाल शुरुआती जांच में हैरी बॉक्सर की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या किसी ने सिर्फ डराने और रंगदारी वसूलने के लिए बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल किया था। जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि धमकी के पीछे कौन था और इस मामले का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं।

Read more!
Advertisement