ट्रंप ने भारत की चुनावी व्यवस्था को बताया मिसाल, अमेरिकी चुनावों में फोटो ID अनिवार्य करने की मांग तेज
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की चुनाव व्यवस्था का उदाहरण देते हुए अमेरिका में वोटिंग के लिए अनिवार्य फोटो ID की मांग दोहराई है। ट्रंप ने भारत के 2024 लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की बड़ी संख्या और पहचान व्यवस्था का जिक्र किया।

In Short
- ट्रंप ने अमेरिका में सख्त वोटर ID कानून की मांग के लिए भारत की चुनाव व्यवस्था का उदाहरण दिया।
- उन्होंने भारत के 646 मिलियन मतदाताओं वाले आम चुनाव और फोटो पहचान पत्र की अनिवार्यता का जिक्र किया।
- अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने ट्रंप के बयान का समर्थन करते हुए SAVE America Act पारित करने की अपील की।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में सख्त मतदाता पहचान कानून लागू करने की अपनी मांग के समर्थन में भारत की चुनाव व्यवस्था का उदाहरण दिया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नाम से जुड़े एक सवाल का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिकी चुनावों में भी अनिवार्य फोटो पहचान पत्र की जरूरत होनी चाहिए।
ट्रंप ने भारत के चुनावी मॉडल का किया जिक्र
ट्रंप ने लिखा, "इस महीने की शुरुआत में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हमारे प्रशासन से पूछा- अमेरिका में वैध फोटो ID के बिना चुनाव कैसे हो सकते हैं?"
उन्होंने भारत के हालिया आम चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि देश में बड़ी संख्या में मतदाताओं के बावजूद चुनाव प्रक्रिया कड़ी पहचान व्यवस्था के साथ पूरी हुई। ट्रंप ने कहा, "भारत के पिछले चुनाव में 646,000,000 मतदाता थे। एक प्रतिशत से भी कम लोगों ने डाक से मतदान किया और हर मतदाता के पास वैध फोटो पहचान दस्तावेज था।" इसके बाद ट्रंप ने अमेरिकी संसद से अपना प्रस्तावित कानून "SAVE America Act" पारित करने की अपील की।
SAVE America Act में क्या है प्रस्ताव?
ट्रंप जिस SAVE America Act को आगे बढ़ा रहे हैं, उसमें अमेरिकी चुनावों में वोटर पहचान से जुड़े सख्त नियम और मतदान के लिए नागरिकता प्रमाण की शर्तें शामिल करने का प्रस्ताव है। यह कानून अमेरिका में मतदान नियमों को कड़ा करने की उनकी व्यापक कोशिश का अहम हिस्सा बन गया है।
भारत में अमेरिकी राजदूत ने भी किया समर्थन
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी ट्रंप के बयान का समर्थन किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्रंप की बातों को "बिल्कुल सही" बताया और भारत के मतदाता आंकड़ों व फोटो पहचान व्यवस्था का जिक्र करते हुए अमेरिकी कांग्रेस से SAVE America Act पारित करने की अपील की।