Iran War: ट्रंप और नेतन्याहू के बीच फोन पर तीखी बातचीत! ईरान पर फिर हमले की तैयारी

ईरान जंग को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच तीखी बातचीत हुई है। नेतन्याहू जल्द सैन्य कार्रवाई चाहते हैं, जबकि ट्रंप बातचीत को मौका दे रहे हैं। अब 3 नवंबर के अमेरिकी चुनाव के बाद क्या होगा? क्या ईरान पर फिर हमला होगा?

Advertisement

In Short

  • ट्रंप और नेतन्याहू के बीच तीखी फोन कॉल, इजरायल ने 3 नवंबर के चुनाव के बाद ईरान पर दोबारा हमले की मांग की।
  • ट्रंप ने कहा कि ईरान से बातचीत ठीक चल रही है, लेकिन न्यूक्लियर ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई की संभावना बरकरार है।
  • कतर में शांति वार्ता जारी, ईरान ने चेतावनी दी कि नया हमला हुआ तो अमेरिकी और इजरायली ठिकानों को निशाना बनाएगा।

By Gaurav Kumar:

ईरान के साथ जारी जंग को लेकर अमेरिका और इजरायल के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फिलहाल बातचीत के जरिए मामला सुलझाना चाहते हैं, जबकि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू जल्द सैन्य कार्रवाई के पक्ष में हैं। दूसरी तरफ ईरान भी किसी नए हमले का जवाब देने की तैयारी कर रहा है। ऐसे में सवाल है कि क्या 3 नवंबर के अमेरिकी चुनाव के बाद जंग फिर तेज होगी या बातचीत से कोई रास्ता निकलेगा? आइए जानते हैं कि दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई और आगे क्या हो सकता है।

नेतन्याहू ने ट्रंप से तुरंत हमले की मांग की

Axios की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर तीखी बातचीत हुई। नेतन्याहू ने ट्रंप से कहा कि 3 नवंबर के मिडटर्म चुनाव के तुरंत बाद ईरान पर दोबारा सैन्य हमले शुरू किए जाएं।

इजरायली सूत्र ने इस बातचीत को 'टफ' यानी तीखी बताया, जबकि अमेरिकी सूत्र ने इसे 'डायरेक्ट' यानी सीधी बातचीत कहा। रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू इस बात से चिंतित हैं कि ट्रंप ईरान को बातचीत के लिए ज्यादा समय दे रहे हैं। हालांकि, व्हाइट हाउस और नेतन्याहू के कार्यालय ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।

ट्रंप बोले- बातचीत ठीक चल रही, लेकिन भरोसा नहीं

डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि ईरान के साथ बातचीत ठीक चल रही है और उन्हें किसी तरह की जल्दी नहीं है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन उस पर पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता क्योंकि वह पहले भी समझौतों से पीछे हट चुका है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

हालांकि, ट्रंप ने ईरान के एक या दो न्यूक्लियर ठिकानों पर कार्रवाई की जरूरत भी बताई। उन्होंने पहाड़ के अंदर बने संदिग्ध 'पिकऐक्स माउंटेन' ठिकाने का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका के पास इसे 10 मिनट में निशाना बनाने की योजना तैयार है।

कतर में बातचीत जारी, होर्मुज पर भी चर्चा

जंग रोकने के लिए डिप्लोमैटिक कोशिशें भी जारी हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पिछले हफ्ते ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख मोहसिन रेजाई को बातचीत दोबारा शुरू करने के लिए पत्र भेजा था। कई महीनों में यह अमेरिका की सबसे ऊंचे स्तर की पहल थी।

रविवार को कतर के मध्यस्थों ने लगातार तीसरे दिन दोहा में ईरानी अधिकारियों से मुलाकात की। इससे पहले शुक्रवार को तेहरान में भी बैठक हुई थी।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अभी कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है। प्रगति तभी होगी जब अमेरिका ईरान के सवालों का जवाब देगा। अल जजीरा के मुताबिक, एक प्रस्ताव में समझौते के दो दिन के भीतर होर्मुज स्ट्रेट दोबारा खोलने की बात शामिल है।

3 नवंबर के बाद बढ़ सकती है जंग?

ट्रंप साफ कर चुके हैं कि मिडटर्म चुनाव से पहले अमेरिका कोई नया हमला नहीं करेगा। हालांकि, चुनाव के बाद सैन्य कार्रवाई की संभावना से उन्होंने इनकार नहीं किया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के मुताबिक, ट्रंप ने अभी अंतिम फैसला नहीं लिया है और वह बातचीत से समाधान चाहते हैं।

उधर, ईरान ने चेतावनी दी है कि नया हमला होने पर पड़ोसी देशों में अमेरिकी और इजरायली ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने भी सेना को संभावित हमले के लिए तैयार रहने का आदेश दिया है। ऐसे में अब सभी की नजर 3 नवंबर के बाद अमेरिका के अगले कदम पर टिकी है।

Read more!
Advertisement