बैंक कर्मचारियों की हड़ताल पर फैसला बरकरार, 28 से 30 सितंबर तक रहेंगे बैंक बंद

बैंक कर्मचारियों की 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल जारी रहेगी। UFBU और सरकार के बीच हुई सुलह बैठक बेनतीजा रही। बैंक यूनियनों की मुख्य मांग पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। हड़ताल होने पर बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है।

Advertisement

In Short

  • UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल जारी रखने का फैसला किया।
  • बैंक यूनियनों की मुख्य मांग पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है।
  • हड़ताल की स्थिति में ATM, UPI, मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं के इस्तेमाल की सलाह दी गई है।

By Rohit Chaudhary:

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर से प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को जारी रखने का फैसला किया है। मंगलवार को डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर के सामने हुई सुलह बैठक बेनतीजा रही।

यह बैठक वित्त मंत्रालय की उस अपील के एक दिन बाद हुई, जिसमें बैंक कर्मचारियों से हड़ताल से बचने और लंबित मांगों को बातचीत के जरिए सुलझाने का आग्रह किया गया था।

पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था है मुख्य मांग

UFBU बैंकिंग क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करता है। संगठन की सबसे बड़ी मांग पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है।

UFBU ने कहा है कि अगर इस मांग को लागू करने की दिशा में कोई ठोस और सकारात्मक प्रगति होती है, तो संगठन हड़ताल पर दोबारा विचार कर सकता है। वहीं, मांगों पर समाधान नहीं निकलने पर 28, 29 और 30 सितंबर को हड़ताल की जाएगी।

सरकार ने बातचीत जारी रखने की अपील की

बैठक में वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार बैंक कर्मचारियों के कल्याण के लिए कई कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि पांच दिन की बैंकिंग का मुद्दा भी विचाराधीन है।

हालांकि, सरकार ने कहा कि इस पर फैसला लेने से पहले सभी संबंधित पक्षों के विचारों को ध्यान में रखना होगा। वित्त मंत्रालय ने UFBU से हड़ताल टालने और बातचीत जारी रखने का आग्रह किया।

पेंशन और OPS से जुड़ी हैं अन्य मांगें

UFBU की अन्य मांगों में पेंशन में संशोधन और सुधार, सभी पेंशनभोगियों के लिए समान महंगाई भत्ता (DA) फॉर्मूला और NPS के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) में जाने का विकल्प देना शामिल है।

इससे पहले UFBU के बैंक यूनियन इन्हीं मांगों को लेकर 11 सितंबर को भी देशव्यापी हड़ताल कर चुके हैं।

Image Credit : Aaj Tak

पांच दिन तक प्रभावित हो सकती हैं बैंक सेवाएं

अगर 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल होती है, तो बैंकिंग सेवाओं पर करीब पांच दिनों तक असर पड़ सकता है। इसकी वजह हड़ताल से पहले सप्ताहांत की छुट्टी और 30 सितंबर को होने वाली बैंकों की अर्धवार्षिक क्लोजिंग है।

अर्धवार्षिक क्लोजिंग के दौरान वित्तीय हिसाब-किताब, प्रावधान, ट्रेजरी और बाजार से जुड़ी गतिविधियां महत्वपूर्ण होती हैं।

डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह

कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने ग्राहकों को सलाह देनी शुरू कर दी है कि हड़ताल की स्थिति में वे मोबाइल बैंकिंग, ATM, इंटरनेट बैंकिंग, BC पॉइंट और UPI जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करें।

वित्त मंत्रालय ने कहा है कि बैंक हड़ताल से आम जनता और कारोबारियों को परेशानी होती है। मंत्रालय ने बैंक कर्मचारियों की उचित मांगों पर बातचीत के जरिए समाधान निकालने की प्रतिबद्धता जताई है।

Read more!
Advertisement