स्विगी में छंटनी की तैयारी! इंस्टामार्ट के 340 कर्मचारियों की नौकरी पर संकट

स्विगी अपने क्विक कॉमर्स बिजनेस इंस्टामार्ट में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी 340 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। जानें किन कर्मचारियों पर पड़ेगा असर और क्या है कंपनी का प्लान।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

ऑनलाइन फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी कंपनी स्विगी (Swiggy) अपने क्विक कॉमर्स बिजनेस इंस्टामार्ट (Instamart) में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इंस्टामार्ट के 340 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता इस्तेमाल और बिजनेस के अगले फेज की ग्रोथ के लिए कंपनी अपने कारोबारी ढांचे में बदलाव कर रही है। लगातार कई तिमाहियों से इंस्टामार्ट का कमजोर प्रदर्शन और बढ़ता घाटा भी कंपनी के लिए चुनौती बना हुआ है।

किन कर्मचारियों पर पड़ेगा छंटनी का असर?

रिपोर्ट में मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि छंटनी का सबसे ज्यादा असर इंस्टामार्ट की कॉरपोरेट और सपोर्ट टीमों के कर्मचारियों पर पड़ेगा।

कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों के लिए मुआवजा पैकेज की व्यवस्था की है। इसके अलावा, कंपनी कर्मचारियों को दूसरी नौकरी तलाशने और दूसरी जगह शिफ्ट होने में भी मदद दे रही है।

क्विक कॉमर्स मार्केट में बढ़ रहा मुकाबला

स्विगी का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब क्विक कॉमर्स मार्केट में मुकाबला लगातार बढ़ रहा है। इंस्टामार्ट को ब्लिंकिट (Blinkit), जेप्टो (Zepto), फ्लिपकार्ट मिनट्स (Flipkart Minutes) और अमेजन नाउ (Amazon Now) जैसे प्लेटफॉर्म से कड़ी टक्कर मिल रही है।

हालांकि, स्विगी के पास करीब 13,500 करोड़ रुपये का कैश और कैश के बराबर की संपत्तियां मौजूद हैं।

इंस्टामार्ट की नई CEO नंदिता सिन्हा के नेतृत्व में कंपनी अपनी कारोबारी रणनीति में भी बदलाव कर रही है। कंपनी अब अपने ब्रांड के तहत बेचे जाने वाले प्रोडक्ट्स यानी प्राइवेट लेबल्स पर ज्यादा फोकस कर रही है।

तिमाही आधार पर बढ़ा स्विगी का घाटा

वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में स्विगी का शुद्ध घाटा सालाना आधार पर 15.6 फीसदी घटकर 922 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 1,092 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।

हालांकि, तिमाही आधार पर देखें तो कंपनी का घाटा बढ़ा है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में स्विगी को 791 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। इंस्टामार्ट के तेजी से विस्तार पर हो रहे खर्च का असर कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर पड़ा है।

Read more!
Advertisement