गर्मी से 8.57 लाख मौतों की आशंका! Super El Niño की रिपोर्ट में भारत को लेकर चौंकाने वाला अनुमान आया सामने

सुपर अल नीनो को लेकर एक नई रिपोर्ट ने दुनियाभर में चिंता बढ़ा दी है। भीषण गर्मी के कारण लाखों अतिरिक्त मौतों का अनुमान लगाया गया है। भारत भी सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में शामिल हो सकता है। आखिर किन महीनों में बढ़ेगा खतरा और क्या कहती है रिपोर्ट? जानिए पूरी जानकारी।

Advertisement

In Short

  • सुपर अल नीनो के कारण जून 2026 से मार्च 2027 तक दुनियाभर में करीब 8.57 लाख अतिरिक्त मौतों का अनुमान।
  • भारत में अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 के बीच गर्मी से जुड़ी करीब 55,000 अतिरिक्त मौतों की आशंका।
  • क्लाइमेट इम्पैक्ट लैब के मुताबिक, मार्च में भारत में गर्मी से जुड़ी मौतों का खतरा ज्यादा हो सकता है।

By Gungun Mishra:

दुनियाभर में सुपर अल नीनो (Super El Niño) को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशांत महासागर में बन रहा यह शक्तिशाली मौसमी बदलाव आने वाले महीनों में भीषण गर्मी की वजह बन सकता है। क्लाइमेट इम्पैक्ट लैब के अनुमान के मुताबिक, जून 2026 से मार्च 2027 के बीच दुनियाभर में गर्मी से जुड़ी करीब 8.57 लाख अतिरिक्त मौतें हो सकती हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में भारत भी शामिल है।

भारत में 55 हजार लोगों की मौत का अनुमान

क्लाइमेट इम्पैक्ट लैब के El Niño Heat Mortality Tracker के मुताबिक, अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 के बीच भारत में गर्मी से जुड़ी करीब 55,000 अतिरिक्त मौतें हो सकती हैं। नाइजीरिया में यह आंकड़ा लगभग 56,000, इंडोनेशिया में 29,000 और ब्राजील में 19,000 रहने का अनुमान है।

भारत के लिए मार्च का महीना खास तौर पर चिंताजनक हो सकता है। इस दौरान गर्मी बढ़ने लगती है और अनुमानित मौतों का बड़ा हिस्सा इसी महीने में सामने आ सकता है। बुजुर्गों, खुले में काम करने वाले मजदूरों और कूलिंग सुविधाओं से दूर रहने वाले लोगों को ज्यादा खतरा हो सकता है।

अब तक कितनी मौतों का अनुमान?

ट्रैकर के मुताबिक, जून से सितंबर 2026 के बीच करीब 4.84 लाख अतिरिक्त मौतों का अनुमान लगाया गया है। वहीं अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 के बीच 3.73 लाख से ज्यादा अतिरिक्त मौतें हो सकती हैं।

सितंबर में जारी अनुमान में फरवरी 2027 तक 4.51 लाख अतिरिक्त मौतों की आशंका जताई गई थी। नए आंकड़ों में मार्च को शामिल करने और अगस्त-सितंबर के ज्यादा गर्म रहने के बाद अनुमान बढ़ा है।

हालांकि, ये आंकड़े किसी सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज वास्तविक मौतों की संख्या नहीं हैं, बल्कि वैज्ञानिक मॉडल के आधार पर लगाए गए अनुमान हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

क्या है सुपर अल नीनो और क्यों है खतरनाक?

अल नीनो एक प्राकृतिक मौसमी घटना है, जिसमें प्रशांत महासागर के मध्य और पूर्वी हिस्से का पानी सामान्य से ज्यादा गर्म हो जाता है। इसका असर दुनियाभर के तापमान और बारिश पर पड़ता है।

जब यह घटना बहुत शक्तिशाली होती है, तो इसे सुपर अल नीनो कहा जाता है। इसके कारण कहीं भीषण गर्मी और सूखा पड़ सकता है, तो कहीं भारी बारिश, बाढ़ और जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ सकता है।

क्या मौतों का खतरा कम किया जा सकता है?

शोधकर्ताओं के मुताबिक, समय पर चेतावनी, पीने के पानी की व्यवस्था, कूलिंग सेंटर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोखिम कम किया जा सकता है।

भारत में भी गर्मी से बचाव की योजनाएं, सार्वजनिक चेतावनी और बाहर काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा बेहद जरूरी होगी। वैज्ञानिकों का कहना है कि ये अनुमान बदल सकते हैं और इन्हें निश्चित मौतों की भविष्यवाणी नहीं समझना चाहिए।

Read more!
Advertisement