Sleeper Vande Bharat Express: पीएम मोदी दिखाएंगे नई ट्रेन को हरी झंडी, जानिए रूट और खास बातें

भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा लेकर आ रहा है। देश की दूसरी Sleeper Vande Bharat Express जल्द शुरू होने जा रही है। यह ट्रेन वाराणसी से अमृतसर के पास छेहरटा तक चलेगी। जानिए इस नई ट्रेन का रूट, टाइमिंग, ठहराव और यात्रियों को मिलने वाली खास सुविधा।

Advertisement

In Short

  • PM Modi 17 जुलाई को देश की दूसरी Sleeper Vande Bharat Express को दिखाएंगे हरी झंडी।
  • नई ट्रेन वाराणसी से छेहरटा तक चलेगी और कई बड़े शहरों को जोड़ेगी।
  • ट्रेन का संचालन हफ्ते में तीन दिन होगा जानें पूरा रूट और टाइमिंग।

By Gaurav Kumar:

Sleeper Vande Bharat Express: रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इस ट्रेन का नाम संत रविदास एक्सप्रेस रखा गया है। प्रधानमंत्री मोदी जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को रवाना करेंगे। इसी कार्यक्रम में वह दोबारा तैयार किए गए जालंधर रेलवे स्टेशन का उद्घाटन भी करेंगे।

वाराणसी से छेहरटा के बीच चलेगी ट्रेन

नई स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश के वाराणसी और पंजाब के छेहरटा रेलवे स्टेशन के बीच चलेगी। छेहरटा स्टेशन अमृतसर के पास है। इस ट्रेन के शुरू होने से उत्तर प्रदेश और पंजाब के बीच रात में सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों के लिए भी यह एक नया विकल्प होगा।

हफ्ते में तीन दिन चलेगी संत रविदास एक्सप्रेस

रेलवे के मुताबिक, छेहरटा से वाराणसी जाने वाली ट्रेन संख्या 14624 हफ्ते में तीन दिन चलेगी। यह ट्रेन हर बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलाई जाएगी। ट्रेन छेहरटा से दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर रवाना होगी और अमृतसर होते हुए अगले दिन दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी।

वहीं, वाराणसी से छेहरटा जाने वाली ट्रेन संख्या 14623 हर सोमवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन वाराणसी से शाम 7 बजकर 5 मिनट पर रवाना होगी।

इन प्रमुख शहरों में रुकेगी ट्रेन

स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस रास्ते में कई बड़े शहरों से होकर गुजरेगी। इसका ठहराव जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर सिटी और अमृतसर में होगा।

इससे उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कई शहरों के यात्रियों को सीधी ट्रेन की सुविधा मिलेगी।

जानिए दोनों तरफ की पूरी टाइमिंग

छेहरटा से वाराणसी जाने वाली ट्रेन दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर रवाना होगी और दोपहर 2 बजकर 25 मिनट पर अमृतसर पहुंचेगी। इसके बाद यह अगले दिन सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर लखनऊ और दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन वाराणसी से शाम 7 बजकर 5 मिनट पर चलेगी और रात 12 बजकर 10 मिनट पर लखनऊ पहुंचेगी। अगले दिन शाम 4 बजकर 35 मिनट पर यह अमृतसर और शाम 5 बजकर 10 मिनट पर छेहरटा पहुंचेगी।

छेहरटा में होगी ट्रेन की देखभाल

रेलवे बोर्ड के मुताबिक, इस ट्रेन की देखभाल और मरम्मत का काम छेहरटा स्टेशन पर किया जाएगा। छेहरटा इस ट्रेन का आखिरी स्टेशन होगा। देश में स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की दिशा में यह एक और कदम है। इन ट्रेनों को लंबी दूरी और रात के सफर के लिए चलाया जा रहा है।

Read more!
Advertisement