Shah Rukh Khan की 'King' ने रिलीज से पहले ही कर डाली 665 करोड़ की कमाई! किस डील से मिले कितने पैसे
शाहरुख खान की आने वाली फिल्म 'किंग' ने रिलीज से पहले ही 665 करोड़ रुपये की डील हासिल कर ली है। फिल्म के थिएट्रिकल, डिजिटल और म्यूजिक राइट्स को लेकर बड़ी डील हुई है। लेकिन इतने बड़े बिजनेस के बावजूद फिल्म की असली कमाई को लेकर कई सवाल हैं। जानिए पूरा हिसाब।

In Short
- शाहरुख खान की 'किंग' ने रिलीज से पहले ही 665 करोड़ रुपये की प्री-रिलीज डील हासिल की।
- फिल्म के घरेलू और विदेशी थिएट्रिकल राइट्स की कुल डील 425 करोड़ रुपये में हुई है।
- करीब 400 करोड़ रुपये के प्रोडक्शन बजट वाली 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की आने वाली फिल्म 'किंग' (King) रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म ने सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही कथित तौर पर 665 करोड़ रुपये की प्री-रिलीज डील हासिल कर ली है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी यह एक्शन थ्रिलर फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। खास बात यह है कि इस फिल्म में शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना खान के साथ नजर आएंगे। फिल्म के थिएट्रिकल और डिजिटल राइट्स को लेकर हुई डील ने इसकी कमाई को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
रिलीज से पहले 665 करोड़ रुपये की डील
Sacnilk और India Today की रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म 'किंग' के घरेलू और विदेशी थिएट्रिकल राइट्स, डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स, म्यूजिक और सैटेलाइट राइट्स मिलाकर कुल 665 करोड़ रुपये की डील हुई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के भारत में डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स पेन मरुधर ने 250 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। वहीं दुबई की कंपनी Phars Films ने विदेशी थिएट्रिकल राइट्स के लिए 175 करोड़ रुपये की मिनिमम गारंटी डील की है। इस तरह सिर्फ थिएट्रिकल राइट्स से ही 425 करोड़ रुपये की डील हो चुकी है।
Netflix से कितने करोड़ की हुई डील?
फिल्म के डिजिटल राइट्स भी काफी महंगे बिकने की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Netflix ने 'किंग' के डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स 150 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। इसके अलावा म्यूजिक राइट्स की डील 65 करोड़ रुपये और सैटेलाइट राइट्स की डील 25 करोड़ रुपये में हुई है।
फिल्म के प्री-रिलीज बिजनेस का पूरा हिसाब इस तरह है।
हालांकि, यह आंकड़ा फिल्म की प्री-रिलीज डील का है। इसे फिल्म का शुद्ध मुनाफा नहीं माना जा सकता।
400 करोड़ का बजट, क्या फिल्म निकाल पाएगी लागत?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'किंग' का प्रोडक्शन बजट बढ़कर करीब 400 करोड़ रुपये पहुंच गया है। हालांकि, शाहरुख खान की फीस, प्रमोशन और रिलीज से जुड़े दूसरे खर्च जोड़ने के बाद कुल लागत और बढ़ सकती है।
ऐसे में फिल्म की असली कारोबारी सफलता बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, कमाई के बंटवारे और कुल खर्च पर निर्भर करेगी।
पठान के बाद फिर साथ आए शाहरुख और सिद्धार्थ आनंद
साल 2023 में आई 'पठान' की सफलता के बाद शाहरुख खान और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं। फिल्म में सुहाना खान के अलावा दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी और अभिषेक बच्चन के भी अहम भूमिकाओं में होने की खबर है।
क्रिसमस के मौके पर रिलीज होने वाली 'किंग' को छुट्टियों का फायदा मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि रिलीज से पहले इतनी बड़ी डील हासिल करने वाली यह फिल्म सिनेमाघरों में कैसा प्रदर्शन करती है।