छोटी सी मैगी की दुकान से लाखों का कारोबार! रोहतांग पास के दुकानदार की बिक्री ने चौंकाया
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग पास में 13,000 फीट की ऊंचाई पर मैगी और चाय बेचने वाले दुकानदार की कमाई ने लोगों को हैरान कर दिया है. ऑफ सीजन में भी दुकान पर जबरदस्त बिक्री हो रही है. लेकिन क्या इतनी बिक्री का मतलब लाखों का मुनाफा है? जानिए पूरा गणित.

In Short
- रोहतांग पास में मैगी और चाय बेचकर रोज ₹14,000 से ₹15,000 की बिक्री.
- दुकान पर रोज 60-70 प्लेट मैगी और करीब 200 कप चाय बिकती है.
- महीने का अनुमानित टर्नओवर ₹4.65 लाख, लेकिन ट्रांसपोर्ट और दूसरे खर्च भी ज्यादा.
पहाड़ों पर घूमने जाने वाले लोग अक्सर ठंड से बचने के लिए गर्म चाय और मैगी का मजा लेते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि पहाड़ों पर छोटी सी दुकान चलाने वाला दुकानदार कितना पैसा कमा सकता है? हिमाचल प्रदेश के रोहतांग पास से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर दिया है. आइए जानते हैं कि इस छोटी सी दुकान की बिक्री का पूरा गणित क्या है और इसे चलाने में कितनी मुश्किलें आती हैं.
रोज ₹14,000 से ₹15,000 की बिक्री
समुद्र तल से करीब 13,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग पास में एक दुकानदार मैगी और चाय बेचकर रोजाना करीब ₹14,000 से ₹15,000 की बिक्री कर रहा है. खास बात यह है कि यह आंकड़ा ऑफ सीजन का है, जब यहां घूमने आने वाले टूरिस्ट की संख्या कम रहती है. इसके बावजूद दुकान की रोजाना बिक्री ने लोगों का ध्यान खींचा है.
रोज कितनी मैगी और चाय बिकती है?
दुकानदार के मुताबिक, उसकी दुकान पर हर दिन करीब 60 से 70 प्लेट मैगी और लगभग 200 कप चाय बिकती है. एक प्लेट मैगी की कीमत ₹100 है, जबकि एक कप चाय ₹40 में मिलती है. इस हिसाब से मैगी से रोज ₹6,000 से ₹7,000 और चाय से करीब ₹8,000 की बिक्री होती है. दुकान पर उबले और फ्राइड अंडे भी मिलते हैं, जिनकी बिक्री इस हिसाब में शामिल नहीं है.
महीने में ₹4.65 लाख का कारोबार
अगर दुकान पर इसी तरह रोजाना बिक्री होती रहे, तो महीने का टर्नओवर करीब ₹4.65 लाख तक पहुंच सकता है. हालांकि, यह दुकानदार का प्रॉफिट नहीं है. इसमें से सामान खरीदने, ट्रांसपोर्ट, स्टाफ और दूसरे खर्च निकालने होंगे. यानी दुकान की असली कमाई बिक्री के मुकाबले कम होगी.
वायरल वीडियो से सामने आई कहानी
इस दुकान की कमाई का खुलासा कंटेंट क्रिएटर हर्ष चौहान के एक वायरल वीडियो से हुआ. चौहान रोहतांग पास घूमने गए थे, जहां उन्होंने दुकानदार से उसके कारोबार के बारे में बातचीत की. वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कहा, 'कोई भी धंधा कभी छोटा नहीं होता.' उनका कहना था कि किसी बिजनेस को सिर्फ उसके आकार से नहीं आंकना चाहिए.
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
वीडियो सामने आने के बाद कई लोग दुकानदार की बिक्री देखकर हैरान रह गए. हालांकि, कुछ यूजर्स ने पहाड़ों पर दुकान चलाने की मुश्किलों की तरफ भी ध्यान दिलाया.
एक यूजर ने कहा कि इतनी ऊंचाई तक सामान पहुंचाने का ट्रांसपोर्ट खर्च काफी ज्यादा होता है. दूसरे ने खराब मौसम और मुश्किल हालात का जिक्र किया. वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि रोज सामान ऊपर तक लाने में काफी मेहनत और संघर्ष करना पड़ता है.यानी रोहतांग पास की इस दुकान की बिक्री भले ही लाखों में हो, लेकिन इसके पीछे मेहनत और खर्च भी कम नहीं हैं.