अयोध्या से नेपाल जाने वाली ट्रेन का आज से नियमित संचालन, जानें पूरा रूट, टाइमिंग और स्टॉपेज
अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू हो रहा है। रेलवे ने इस साप्ताहिक ट्रेन की टाइमिंग और स्टॉपेज की जानकारी जारी कर दी है। जानिए किस स्टेशन पर कितने बजे पहुंचेगी यह ट्रेन।

In Short
- सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होगा।
- जनकपुर धाम से हर शनिवार और अयोध्या कैंट से हर सोमवार चलेगी ट्रेन।
- रेलवे ने 17 कोच वाली इस साप्ताहिक ट्रेन का पूरा शेड्यूल जारी किया।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू हो रहा है। हाल ही में इस साप्ताहिक ट्रेन का उद्घाटन किया गया था। रेलवे ने अब इस ट्रेन की टाइमिंग, रूट और स्टॉपेज का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। जनकपुर धाम से यह ट्रेन हर शनिवार और अयोध्या कैंट से हर सोमवार को चलेगी।
सप्ताह में किस दिन चलेगी ट्रेन?
रेलवे के मुताबिक, जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट जाने वाली ट्रेन का नंबर 15595 और अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम जाने वाली ट्रेन का नंबर 15596 होगा। जनकपुर धाम से इसका नियमित संचालन 28 नवंबर और अयोध्या कैंट से 30 नवंबर से शुरू होगा।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र के मुताबिक, यह ट्रेन गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो और जयनगर के रास्ते चलेगी।
ट्रेन में होंगे कुल 17 कोच
सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच होंगे। इनमें एसी सेकंड क्लास के 2, एसी थर्ड क्लास के 3, एसी थर्ड क्लास इकोनॉमी के 3, स्लीपर कैटेगरी के 7 और 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे।
जनकपुर धाम से अयोध्या आने वाली ट्रेन का शेड्यूल
ट्रेन संख्या 15595 हर शनिवार को नेपाली समय के अनुसार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से रवाना होगी। यह भारतीय समय के अनुसार दोपहर 2:10 बजे और नेपाली समय के अनुसार 2:25 बजे जयनगर कस्टम यार्ड पहुंचेगी।
यहां से भारतीय समय के अनुसार दोपहर 3:10 बजे रवाना होकर ट्रेन 3:48 बजे मधुबनी, शाम 5:10 बजे शीशो, शाम 7 बजे सीतामढ़ी, रात 9:35 बजे रक्सौल और रात 10:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी।
अगले दिन सुबह 3:55 बजे गोरखपुर, 5:19 बजे बस्ती, 6:28 बजे मनकापुर और 7:25 बजे अयोध्या धाम रुकते हुए सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
अयोध्या से नेपाल जाने वाली ट्रेन का शेड्यूल
ट्रेन संख्या 15596 हर सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। यह शाम 6:20 बजे अयोध्या धाम, शाम 7:30 बजे मनकापुर, रात 8:37 बजे बस्ती और रात 10:13 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
अगले दिन रात 1:50 बजे नरकटियागंज, सुबह 3:10 बजे रक्सौल, 4:42 बजे सीतामढ़ी, 6:05 बजे शीशो और 7 बजे मधुबनी रुकते हुए भारतीय समय के अनुसार सुबह 8:30 बजे जयनगर कस्टम यार्ड पहुंचेगी। नेपाली समय के अनुसार यहां पहुंचने का समय सुबह 8:45 बजे होगा।
कितने बजे पहुंचेगी नेपाल?
जयनगर कस्टम यार्ड से यह ट्रेन भारतीय समय के अनुसार सुबह 10:30 बजे और नेपाली समय के अनुसार सुबह 10:45 बजे रवाना होगी। इसके बाद नेपाली समय के अनुसार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी।