चेस लाइवस्ट्रीम से वर्ल्ड रिकॉर्ड तक, समय रैना ने YouTube पर हासिल किया ऐतिहासिक मुकाम
कॉमेडियन समय रैना ने यूट्यूब की दुनिया में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसे अब तक कोई भी कंटेंट क्रिएटर हासिल नहीं कर पाया था। गूगल ने भी उनकी इस उपलब्धि की सराहना की है। जानें कैसे समय रैना की सफलता भारत की क्रिएटर इकोनॉमी में बड़े बदलाव का संकेत है।

In Short
- यूट्यूब पर 10 लाख पेड मेंबर्स वाले दुनिया के पहले क्रिएटर बने समय रैना।
- जून 2026 में 12 लाख से ज्यादा भारतीय दर्शकों ने खरीदी यूट्यूब चैनल मेंबरशिप।
- भारतीय क्रिएटर्स की मेंबरशिप से होने वाली कमाई में सालाना 25 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी।
सोशल मीडिया के दौर में कंटेंट क्रिएटर्स की कमाई और लोकप्रियता के तरीके तेजी से बदल रहे हैं। अब दर्शक सिर्फ वीडियो देखने और चैनल सब्सक्राइब करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पैसे खर्च करके भी अपने पसंदीदा क्रिएटर्स को सपोर्ट कर रहे हैं। इसी बीच भारतीय कॉमेडियन समय रैना ने एक ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसकी चर्चा दुनियाभर में हो रही है।
समय रैना ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
कॉमेडियन समय रैना यूट्यूब पर 10 लाख चैनल मेंबर्स का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले कंटेंट क्रिएटर बन गए हैं। गूगल ने अपने एक ब्लॉग पोस्ट में इसकी जानकारी दी है। खास बात यह है कि ये सामान्य सब्सक्राइबर्स नहीं, बल्कि पैसे देकर चैनल की मेंबरशिप लेने वाले दर्शक हैं। समय की यह उपलब्धि भारत की तेजी से बढ़ती क्रिएटर इकोनॉमी के लिए भी बेहद खास है।
चेस लाइवस्ट्रीम से इंडियाज गॉट लेटेंट तक का सफर
देर रात चेस की लाइवस्ट्रीम करने से लेकर चेस ग्रैंडमास्टर्स के साथ बातचीत और सेलिब्रिटीज के बीच दिलचस्प मुकाबलों तक, समय रैना ने अपने कंटेंट के जरिए लाखों लोगों को जोड़ा है। उनके शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' ने भी इंटरनेट पर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। गूगल के मुताबिक, समय ने अपने अनोखे आइडियाज के जरिए इंटरनेट की दुनिया में बड़ी पहचान बनाई है।
फैंस के सपोर्ट से मिल रही आर्थिक मदद
यूट्यूब चैनल मेंबरशिप के जरिए समय रैना के फैंस को उनके नए प्रोजेक्ट्स में आर्थिक मदद करने का मौका मिला है। इससे दर्शक उनके क्रिएटिव सफर का सीधे तौर पर हिस्सा बन रहे हैं। साथ ही क्रिएटर्स को भी नए आइडियाज पर काम करने और बेहतर कंटेंट तैयार करने में मदद मिल रही है।
भारत में बढ़ रहा पेड मेंबरशिप का क्रेज
गूगल के मुताबिक, अकेले जून 2026 में भारत में 12 लाख से ज्यादा दर्शकों ने यूट्यूब पर कम से कम एक चैनल की मेंबरशिप खरीदी। इसके चलते भारतीय कंटेंट क्रिएटर्स की चैनल मेंबरशिप से होने वाली कमाई में सालाना आधार पर 25 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बड़े शो बनाने में मिल रही मदद
गूगल का कहना है कि दर्शकों से मिल रहे आर्थिक सपोर्ट की बदौलत कंटेंट क्रिएटर्स अब बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर पा रहे हैं। वे अपनी प्रोडक्शन टीम का विस्तार करने के साथ नए और बड़े शो भी तैयार कर रहे हैं। इससे क्रिएटर्स और उनके दर्शकों के बीच जुड़ाव भी मजबूत हो रहा है।
गूगल ने दी समय रैना को बधाई
गूगल ने समय रैना की इस उपलब्धि को असाधारण बताते हुए इसे भारत के पूरे क्रिएटर इकोसिस्टम के लिए गर्व का पल बताया है। कंपनी ने इस ऐतिहासिक मुकाम पर पहुंचने के लिए समय रैना को बधाई भी दी है।