Salary Hike 2027: कहीं 10% तो कहीं सिर्फ 6.6% बढ़ेगी सैलरी, इस सेक्टर में इंक्रीमेंट की उम्मीद सबसे कम

नौकरीपेशा लोगों के लिए साल 2027 में सैलरी बढ़ोतरी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। एऑन के ताजा सर्वे में बताया गया है कि अगले साल कर्मचारियों को कितना इंक्रीमेंट मिल सकता है। हालांकि, कुछ सेक्टर्स में ज्यादा फायदा होने की उम्मीद है, जबकि कुछ में बढ़ोतरी सीमित रह सकती है।

Advertisement

In Short

  • 2027 में भारतीय कंपनियां कर्मचारियों की सैलरी औसतन 9.1% बढ़ा सकती हैं।
  • NBFC और एनर्जी सेक्टर में सबसे ज्यादा इंक्रीमेंट मिलने का अनुमान है।
  • AI स्किल्स की बढ़ती डिमांड के बीच कंपनियां कर्मचारियों की अपस्किलिंग पर जोर दे रही हैं।

By Gungun Mishra:

नौकरी करने वालों के लिए बड़ी खबर है। साल 2027 में कंपनियां कर्मचारियों की सैलरी में औसतन 9.1% की बढ़ोतरी कर सकती हैं। यह 2026 के 9% इंक्रीमेंट के लगभग बराबर है। हालांकि, हर सेक्टर में सैलरी एक जैसी नहीं बढ़ेगी। एऑन के Annual Salary Increase and Turnover Survey 2026-27 में यह अनुमान सामने आया है। सर्वे में 45 इंडस्ट्री की 1,200 से ज्यादा कंपनियां शामिल हैं।

किन सेक्टर्स में सबसे ज्यादा बढ़ेगी सैलरी?

सर्वे के मुताबिक, 2027 में नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनियों में सबसे ज्यादा 10.1% सैलरी बढ़ सकती है। एनर्जी सेक्टर में 9.9%, रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर में 9.8% इंक्रीमेंट का अनुमान है।

फंड्स और एसेट मैनेजमेंट तथा लाइफ साइंसेज में 9.6%, ऑटोमोबाइल सेक्टर में 9.5% और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स में 9.4% बढ़ोतरी हो सकती है।

इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग में 9.3%, FMCG में 9.1%, बैंकिंग में 8.5% और केमिकल्स में 8% इंक्रीमेंट का अनुमान है। टेक्नोलॉजी कंसल्टिंग और सर्विसेज में सबसे कम 6.6% सैलरी बढ़ सकती है।

नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों की संख्या बढ़ी

कंपनियों के सामने कर्मचारियों को बनाए रखने की चुनौती भी बढ़ रही है। सर्वे के मुताबिक, नौकरी छोड़ने की दर 2025 के 16.2% से बढ़कर 2026 में 18% हो गई। वहीं, कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की दर 3.4% से बढ़कर 4% पहुंच गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर

महंगाई के बाद कितना होगा असली फायदा?

सैलरी बढ़ने का मतलब यह नहीं कि कर्मचारियों की खरीदारी की क्षमता भी उतनी बढ़ेगी। महंगाई को एडजस्ट करने के बाद वास्तविक सैलरी बढ़ोतरी 2027 में 5.1% रहने का अनुमान है, जबकि 2026 में यह 4.3% थी।

सर्वे में 62% कंपनियां 9% से ज्यादा इंक्रीमेंट का बजट बना रही हैं। वहीं, 60% कंपनियों को अपनी आय में 5% से ज्यादा बढ़ोतरी की उम्मीद है।

AI स्किल्स वालों की बढ़ रही डिमांड

कंपनियों में AI टूल्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इनका इस्तेमाल करने वाली कंपनियों की हिस्सेदारी 2025 के 46.1% से बढ़कर 2026 में 56% हो गई।

करीब 60% कंपनियां कर्मचारियों की अपस्किलिंग पर ध्यान दे रही हैं। AI, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस से जुड़ी भूमिकाओं के लिए टैलेंट प्रीमियम भी करीब 10% बढ़ा है।

वेज कोड से बढ़ेगा कंपनियों का खर्च

सर्वे के मुताबिक, 65.4% कंपनियां वेज कोड का पालन कर रही हैं। वहीं, 42.8% कंपनियों को इससे पेरोल लागत कम से कम 1% बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में कंपनियां सैलरी बढ़ोतरी के साथ कर्मचारियों पर होने वाले खर्च को भी ध्यान में रख रही हैं।

Read more!
Advertisement