Red Bull को दिल्ली हाई कोर्ट से मिली राहत! जानिए 'Energy Drink' शब्द को लेकर क्या है पूरा विवाद?

Red Bull और FSSAI के बीच 'Energy Drink' शब्द को लेकर चल रहे विवाद में दिल्ली हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट के इस फैसले से कंपनी को फिलहाल राहत मिली है। हालांकि, मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। जानिए आखिर क्या है पूरा विवाद।

Advertisement

In Short

  • Red Bull को दिल्ली हाई कोर्ट से राहत, FSSAI का 30 जून 2026 का आदेश रद्द।
  • 'Energy Drink' शब्द के इस्तेमाल को लेकर कंपनी और FSSAI के बीच विवाद।
  • हाई कोर्ट ने FSSAI को जरूरी प्रक्रिया अपनाकर दोबारा फैसला लेने की छूट दी।

By Gungun Mishra:

एनर्जी ड्रिंक बनाने वाली कंपनी रेड बुल को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें कंपनी को अपने प्रोडक्ट पर 'Energy Drink' शब्द इस्तेमाल करने से रोक दिया गया था। हालांकि, यह राहत फिलहाल के लिए है और मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। आइए जानते हैं कि आखिर यह पूरा विवाद क्या है और कोर्ट ने अपने फैसले में क्या कहा है।

क्या है रेड बुल और FSSAI के बीच विवाद?

दरअसल, FSSAI ने 30 जून 2026 को एक आदेश जारी किया था। इस आदेश में रेड बुल को अपने प्रोडक्ट पर 'Energy Drink' शब्द का इस्तेमाल बंद करने के लिए कहा गया था।

कंपनी ने इस आदेश को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी। रेड बुल का कहना था कि FSSAI ने यह फैसला लेने से पहले उसे अपना पक्ष रखने का मौका नहीं दिया। कंपनी को न तो जवाब देने का अवसर मिला और न ही अपनी स्थिति स्पष्ट करने का।

इसी आधार पर रेड बुल ने कोर्ट से FSSAI के आदेश को रद्द करने की मांग की थी।

दिल्ली हाई कोर्ट ने क्या कहा?

इस मामले की सुनवाई जस्टिस अमित महाजन ने की। कोर्ट ने पाया कि FSSAI ने 30 जून 2026 का आदेश जारी करने से पहले रेड बुल को अपना जवाब देने या सफाई पेश करने का मौका नहीं दिया था।

कोर्ट ने कहा कि यह बात विवादित नहीं है कि कंपनी को बिना सुनवाई का अवसर दिए ही उसके प्रोडक्ट पर 'Energy Drink' शब्द इस्तेमाल करने से रोक दिया गया था।

इसी वजह से कोर्ट ने माना कि फैसला लेते समय प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद हाई कोर्ट ने रेड बुल की याचिका स्वीकार करते हुए FSSAI का आदेश रद्द कर दिया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

क्या अब रेड बुल इस्तेमाल कर सकेगी 'Energy Drink' शब्द?

हाई कोर्ट के इस फैसले के बाद रेड बुल फिलहाल अपने प्रोडक्ट के लेबल पर 'Energy Drink' शब्द का इस्तेमाल जारी रख सकती है।

हालांकि, यहां समझना जरूरी है कि कोर्ट ने यह फैसला केवल सुनवाई का मौका नहीं दिए जाने के आधार पर सुनाया है।

कोर्ट ने इस बात पर कोई अंतिम फैसला नहीं दिया कि FSSAI के फूड लेबलिंग नियमों के तहत 'Energy Drink' शब्द का इस्तेमाल करना सही है या नहीं।

क्या FSSAI दोबारा ले सकता है फैसला?

दिल्ली हाई कोर्ट ने साफ किया है कि FSSAI इस मामले में दोबारा फैसला लेने के लिए स्वतंत्र है।

लेकिन इसके लिए पहले रेड बुल को कारण बताओ नोटिस जारी करना होगा। इसके बाद कंपनी को अपना जवाब देने और पक्ष रखने का पूरा मौका देना होगा।

इस प्रक्रिया का पालन करने के बाद ही FSSAI कोई नया आदेश जारी कर सकता है।

यानी फिलहाल रेड बुल को राहत मिल गई है, लेकिन 'Energy Drink' शब्द के इस्तेमाल को लेकर FSSAI और कंपनी के बीच विवाद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

Read more!
Advertisement