रणबीर कपूर की रामायण पार्ट 2 की रिलीज एक साल टली! नमित मल्होत्रा ने बताया क्यों लगेगा इतना वक्त
रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म रामायण के दूसरे पार्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म की रिलीज एक साल आगे बढ़ा दी गई है। प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने बताया है कि इस फैसले के पीछे खास वजह है। आखिर फिल्म तैयार करने में इतना समय क्यों लग रहा है? जानिए।

In Short
- रामायण पार्ट 2 की रिलीज एक साल आगे बढ़ी, अब 2027 की जगह 2028 में सिनेमाघरों में आएगी फिल्म।
- प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार करने के लिए अतिरिक्त समय चाहिए।
- रामायण का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को रिलीज होगा, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभाएंगे।
रणबीर कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। डायरेक्टर नितेश तिवारी की इस फिल्म के दूसरे पार्ट की रिलीज अब एक साल आगे बढ़ा दी गई है। पहले 'रामायण पार्ट 2' को 2027 में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अब यह फिल्म 2028 में सिनेमाघरों में आएगी। फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने खुद इस देरी की वजह बताई है। उनका कहना है कि फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार करने और दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए ज्यादा समय चाहिए।
आखिर क्यों टाली गई रामायण पार्ट 2 की रिलीज?
E! News को दिए इंटरव्यू में नमित मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म पर काम शुरू होने के बाद इसमें कई बदलाव हुए हैं। खासकर अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक फिल्म पहुंचाने की योजना के चलते प्रोडक्शन का काम पहले से ज्यादा बढ़ गया है।
मल्होत्रा के मुताबिक, फिल्म की कहानी और उसके बड़े पैमाने को देखते हुए टीम किसी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहती। मेकर्स चाहते हैं कि दूसरे पार्ट में दर्शकों को ऐसा सिनेमाई अनुभव मिले, जो रामायण जैसी महाकाव्य कहानी के साथ न्याय कर सके। इसी वजह से इसकी रिलीज एक साल आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है।
हिंदी के साथ अंग्रेजी में भी तैयार हो रही रामायण
नमित मल्होत्रा ने बताया कि जब पहले पार्ट की घोषणा हुई थी, तब इसे मुख्य रूप से एक भारतीय फिल्म के तौर पर दुनिया के सामने लाने की योजना थी। हालांकि, अब फिल्म को दो अलग-अलग मास्टर वर्जन में तैयार किया जा रहा है।
फिल्म के पहले पार्ट का अंग्रेजी वर्जन तैयार करने के लिए सिर्फ डबिंग का सहारा नहीं लिया गया है। इसके लिए हिंदी की मूल स्क्रिप्ट को दोबारा लिखा गया और अलग से एडिटिंग भी की गई है। इसका मकसद अंग्रेजी वर्जन को एक स्वतंत्र फिल्म की तरह पेश करना है, ताकि अंतरराष्ट्रीय दर्शक भी कहानी से जुड़ सकें।
रामायण पार्ट 2 में क्या दिखाई देगा?
फिल्म का दूसरा पार्ट भगवान राम की उस यात्रा पर आधारित होगा, जिसमें वह रावण द्वारा माता सीता के अपहरण के बाद उन्हें वापस लाने के लिए आगे बढ़ते हैं। कहानी लंका में राम और रावण के बीच निर्णायक मुकाबले तक पहुंचेगी।
मेकर्स इस आखिरी हिस्से को भव्य तरीके से पर्दे पर दिखाना चाहते हैं। यही वजह है कि इसके निर्माण के लिए अतिरिक्त समय लिया जा रहा है।
कब रिलीज होगी रामायण पार्ट 1?
'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड – पार्ट वन' 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।
नमित मल्होत्रा के मुताबिक, भारतीय संस्कृति और भावनाओं से जुड़ी इस कहानी को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाना एक बड़ी रचनात्मक चुनौती है। पहले पार्ट को दर्शकों से मिलने वाली प्रतिक्रिया भी आगे इस फिल्म फ्रेंचाइजी की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।