रामायण ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास! भारत में कमाए ₹1,000 करोड़, धुरंधर 2 के रिकॉर्ड के पहुंची करीब

रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' ने रिलीज के 23वें दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। दुनियाभर में कमाई के मामले में बाहुबली 2 को पछाड़ने के बाद अब फिल्म की नजर धुरंधर 2 के रिकॉर्ड पर है। जानिए दोनों फिल्मों की कमाई में कितना अंतर है।

Advertisement

In Short

  • रामायण ने 23 दिनों में भारत में 1,000 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।
  • बाहुबली 2 को पछाड़कर दुनिया में तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी रामायण।
  • धुरंधर 2 का रिकॉर्ड तोड़ने से करीब 23 करोड़ रुपये दूर है रामायण।

By Sonam:

रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' ने बॉक्स ऑफिस पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। रिलीज के 23वें दिन फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है। हालांकि, फिल्म की रोजाना कमाई अब 10 करोड़ रुपये से नीचे आ गई है। इसके बावजूद वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में फिल्म ने एसएस राजामौली की 'बाहुबली 2' को पीछे छोड़ दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या रामायण रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी।

23वें दिन कितनी हुई कमाई?

फिल्म ट्रेड पोर्टल सैकनिल्क (Sacnilk) के मुताबिक, रामायण ने पहले हफ्ते में 564.60 करोड़ रुपये, दूसरे हफ्ते में 299.15 करोड़ रुपये और तीसरे हफ्ते में 128.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं, रिलीज के 23वें दिन फिल्म ने 8.45 करोड़ रुपये कमाए।

इसके साथ ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 1,000.55 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1,195.10 करोड़ रुपये हो गया है। विदेशी बाजारों में फिल्म ने 595 करोड़ रुपये कमाए हैं। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,790.10 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी रामायण

रामायण ने 'बाहुबली 2: द कन्क्लूजन' के 1,788.06 करोड़ रुपये के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही रामायण दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।

Image Credit : Aaj Tak

इस लिस्ट में अब रामायण से आगे सिर्फ रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2: द रिवेंज' और आमिर खान की 'दंगल' हैं। धुरंधर 2 का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,813.39 करोड़ रुपये और दंगल का 2,070.30 करोड़ रुपये है।

वीकेंड पर बढ़ेगी फिल्म की कमाई?

रामायण को वीकेंड के लिए अच्छी एडवांस बुकिंग मिली है। शनिवार के शोज के लिए 7.26 करोड़ रुपये के टिकट बिके हैं। इनमें ब्लॉक सीटों को हटाने पर एडवांस बुकिंग 6.16 करोड़ रुपये रही है। बेंगलुरु में सबसे ज्यादा 1.30 करोड़ रुपये के टिकट बिके हैं।

वहीं, रविवार के शोज के लिए 6.20 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हुई है। ब्लॉक सीटों के बिना यह आंकड़ा 5.86 करोड़ रुपये है। रविवार के लिए बेंगलुरु में 1.03 करोड़ रुपये और दिल्ली-एनसीआर में 73.06 लाख रुपये के टिकट बिके हैं।

नई फिल्मों की बॉक्स ऑफिस पर सुस्त शुरुआत

इस हफ्ते रिलीज हुई दो नई फिल्मों की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत कमजोर रही है। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी आयुष्मान खुराना और शरवरी की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' ने पहले दिन 4 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। वहीं, इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख की फिल्म 'गनमास्टर G9' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 3.65 करोड़ रुपये कमाए हैं।

Read more!
Advertisement