अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO की तलाश पूरी, 2 सितंबर की बैठक में नाम पर लगेगी अंतिम मुहर

राम मंदिर ट्रस्ट जल्द ही अपने पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति करने जा रहा है। सर्च कमेटी ने प्रक्रिया पूरी कर नामों का पैनल तैयार कर लिया है। 2 सितंबर की बैठक में इस पर अंतिम फैसला होगा। अब नजर इस बात पर है कि ट्रस्ट की कमान किसे सौंपी जाएगी।

Advertisement

In Short

  • राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के नाम का ऐलान 2 सितंबर को होने वाली बैठक में किया जाएगा।
  • CEO पद के लिए सर्च कमेटी ने 16 उम्मीदवारों के साक्षात्कार के बाद नामों का पैनल तैयार किया है।
  • CEO नियुक्ति के साथ ट्रस्ट की कई समितियों के पुनर्गठन पर भी बैठक में फैसला लिया जाएगा

By Gaurav Kumar:

अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। ट्रस्ट की ओर से बनाई गई सर्च कमेटी CEO पद के लिए चुने गए नामों का पैनल तैयार कर चुकी है। 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में पहले CEO के नाम की घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही कई समितियों के पुनर्गठन पर भी फैसला लिया जा सकता है।

 सर्च कमेटी पहुंची अयोध्या, अध्यक्ष को सौंपेगी पैनल

राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से गठित सर्च कमेटी के तीनों सदस्य अयोध्या पहुंच गए हैं। कमेटी में सेवानिवृत्त जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और उद्योगपति सुरेश हावड़े शामिल हैं। तीनों सदस्यों ने मणिराम छावनी स्थित आश्रम पहुंचकर राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन भी मौजूद रहे।

सर्च कमेटी आज CEO पद के लिए चयनित उम्मीदवारों के नामों का पैनल ट्रस्ट अध्यक्ष को सौंपेगी। इसके बाद ट्रस्टियों की सहमति से 2 सितंबर को पहले CEO के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

 5,585 आवेदनों में से 16 उम्मीदवारों का हुआ चयन

राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए देशभर से कुल 5,585 आवेदन मिले थे। इनमें IAS, IPS, सेना के ब्रिगेडियर स्तर के अधिकारियों और गैर-सरकारी संस्थाओं से जुड़े लोगों ने आवेदन किया था। बड़ी संख्या में मिले आवेदनों की स्क्रीनिंग के लिए सर्च कमेटी ने एक विशेष मॉडल तैयार किया था। इसके बाद 16 उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए गए। साक्षात्कार के आधार पर कमेटी ने अलग-अलग श्रेणियों में तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया है।

 CEO के साथ समितियों के पुनर्गठन पर भी चर्चा

2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में CEO नियुक्ति के अलावा कई समितियों के पुनर्गठन पर भी चर्चा होगी। इस बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज को लेकर आगे की व्यवस्था पर निर्णय लिया जा सकता है।
 

Read more!
Advertisement