रक्षाबंधन पर घर जाना होगा आसान, रेलवे ने शुरू की कई स्पेशल ट्रेनें, यहां देखें रूट
रक्षाबंधन पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। खातीपुरा-हावड़ा के बीच भी विशेष ट्रेन चलेगी, जिसमें 23 कोच होंगे। इसके साथ दिल्ली, कानपुर, झांसी, मथुरा और दूसरे रूट्स पर भी अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी।

In Short
- रक्षाबंधन पर खातीपुरा-हावड़ा के बीच स्पेशल ट्रेन 29 अगस्त से चलाई जाएगी।
- ट्रेन में कुल 23 कोच होंगे और यह दोनों तरफ एक-एक फेरा लगाएगी।
- रेलवे ने दिल्ली कानपुर झांसी शकूरबस्ती मथुरा और दूसरे रूट्स पर भी कई स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं।
रक्षाबंधन के मौके पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इनमें खातीपुरा से हावड़ा के बीच रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन भी शामिल है। रेलवे का मकसद त्योहार पर घर जाने वाले भाई-बहनों का सफर आसान बनाना है।
खातीपुरा से हावड़ा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
उत्तर मध्य रेलवे के CPRO डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों को घर आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
गाड़ी संख्या 09709/09710 खातीपुरा-हावड़ा-खातीपुरा रक्षाबंधन स्पेशल दोनों तरफ एक-एक फेरा लगाएगी।
इस ट्रेन में कुल 23 कोच होंगे। इनमें AC सेकंड क्लास के 2, AC थर्ड क्लास के 4, स्लीपर के 7, जनरल के 8 और SLR/D के 2 कोच शामिल हैं।
29 अगस्त को खातीपुरा से चलेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 09709 खातीपुरा से 29 अगस्त को शाम 5 बजे रवाना होगी। यह दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, कोडरमा, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्दवान और बैंडेल समेत कई स्टेशनों से होकर जाएगी।
ट्रेन 30 अगस्त की रात 10:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
वापसी में 31 अगस्त को चलेगी
गाड़ी संख्या 09710 हावड़ा से 31 अगस्त की रात 12:15 बजे रवाना होगी। यह उसी रूट के कई स्टेशनों से होते हुए 1 सितंबर को सुबह 11:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
कई और स्पेशल ट्रेनें भी चलेंगी
रेलवे ने सूबेदारगंज-शकूरबस्ती के बीच ट्रेन संख्या 02275/02276 को 25 से 31 अगस्त के बीच अलग-अलग तारीखों पर चलाने का फैसला किया है।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 04147/04148 और 04163/04164 भी सूबेदारगंज और शकूरबस्ती के बीच चलेंगी।
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और हजरत निजामुद्दीन के बीच 01901/01902 और 01903/01904 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन के बीच 01913/01914 ट्रेन भी अलग-अलग तारीखों पर चलेगी।
दिल्ली से कानपुर और अलीगढ़ के लिए भी ट्रेन
गाजियाबाद-अलीगढ़ के बीच 04412/04411 अनारक्षित ट्रेन 27 और 28 अगस्त को चलेगी।
नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल के बीच 02456/02455 और आनंद विहार टर्मिनल-कानपुर सेंट्रल के बीच 02458/02457 ट्रेनें भी चलेंगी।
इसके अलावा हजरत निजामुद्दीन-मथुरा, प्रयागराज-बनारस और सूबेदारगंज-औड़िहार के बीच भी स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाई जाएंगी।