रक्षाबंधन पर बना लें घूमने का प्लान, 3 दिन के लॉन्ग वीकेंड में देखें ये खूबसूरत जगहें

रक्षाबंधन 2026 पर शुक्रवार से रविवार तक तीन दिन का लॉन्ग वीकेंड मिल रहा है। अगर आप इस मौके पर फैमिली या भाई-बहनों के साथ घूमने का प्लान बना रहे हैं तो देश में कई खूबसूरत जगहें हैं। मानसून के मौसम में ये डेस्टिनेशन आपकी ट्रिप को यादगार बना सकते हैं।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • रक्षाबंधन 2026 पर तीन दिन का लॉन्ग वीकेंड मिल रहा है जिसमें फैमिली और भाई-बहनों के साथ छोटी ट्रिप प्लान की जा सकती है।
  • उदयपुर महाबलेश्वर अलीबाग और गोवा जैसी जगहें मानसून के दौरान घूमने के लिए शानदार विकल्प बन सकती हैं।
  • दिल्ली के पास रहने वालों के लिए ऋषिकेश और जयपुर तीन दिन की छुट्टी में घूमने के लिए आसान और बेहतरीन डेस्टिनेशन हैं।

By Gaurav Kumar:

रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के रिश्ते और प्यार को समर्पित होता है। इस साल रक्षाबंधन 28 अगस्त 2026 शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी होने के कारण तीन दिन का शानदार लॉन्ग वीकेंड मिल रहा है।

अगर आप इस मौके पर घर पर समय बिताने के बजाय परिवार या भाई-बहनों के साथ छोटी ट्रिप प्लान करना चाहते हैं तो देश में कई ऐसी जगहें हैं, जहां कम समय में घूमकर वापस आया जा सकता है।

अगस्त के आखिर में मानसून अपने पूरे रंग में होता है। ऐसे में पहाड़, झील और समुद्र किनारे की कई जगहें बेहद खूबसूरत नजर आती हैं।

उदयपुर में झीलों और हरियाली का आनंद

राजस्थान का उदयपुर तीन दिन की ट्रिप के लिए एक शानदार ऑप्शन हो सकता है। झीलों की नगरी के नाम से मशहूर उदयपुर में आप सिटी पैलेस, पिछोला झील और पुराने शहर की गलियों को एक्सप्लोर कर सकते हैं।

Image Credit : Aaj Tak

मानसून के मौसम में यहां की झीलें और आसपास की हरियाली देखने लायक होती है, जिससे ट्रिप का मजा और बढ़ जाता है।

महाबलेश्वर में पहाड़ और झरनों का मजा

मुंबई और पुणे के आसपास रहने वालों के लिए महाराष्ट्र का महाबलेश्वर एक बेहतरीन वीकेंड डेस्टिनेशन है।

मानसून के दौरान यहां के झरने, हरियाली और पहाड़ी नजारे बेहद खूबसूरत लगते हैं। सड़क यात्रा के दौरान भी कई शानदार नजारे देखने को मिलते हैं।

मुंबई से करीब 5 घंटे और पुणे से लगभग 2.5 घंटे की रोड ट्रिप करके महाबलेश्वर पहुंचा जा सकता है।

अलीबाग में समुद्र किनारे बिताएं समय

अगर आपको पहाड़ों की जगह समुद्र किनारे सुकून चाहिए तो महाराष्ट्र का अलीबाग अच्छा विकल्प हो सकता है।

मुंबई से फेरी और फिर छोटी ड्राइव के जरिए यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। समुद्र किनारे का नजारा और शांत माहौल इसे फैमिली ट्रिप के लिए खास बनाता है।

मानसून में गोवा का अलग अंदाज

गोवा को आमतौर पर बीच और पार्टी डेस्टिनेशन के लिए जाना जाता है, लेकिन मानसून में इसका नजारा बिल्कुल अलग होता है।

Image Credit : Aaj Tak

अगस्त के आखिर में यहां सर्दियों के मुकाबले भीड़ कम रहती है और कई जगहों पर ठहरने का खर्च भी कम हो सकता है। बारिश के मौसम में गोवा एक बजट फ्रेंडली ट्रिप का विकल्प बन सकता है।

ऋषिकेश और जयपुर भी हैं शानदार ऑप्शन

दिल्ली के पास रहने वालों के लिए ऋषिकेश तीन दिन की छुट्टी में घूमने के लिए अच्छा विकल्प है। यहां गंगा किनारे समय बिताने, कैफे में बैठने और पहाड़ों का आनंद लेने का मौका मिलता है।

वहीं जयपुर भी लॉन्ग वीकेंड के लिए आसान डेस्टिनेशन है। यहां आमेर किला, सिटी पैलेस, हवा महल और पुराने शहर की गलियां घूमी जा सकती हैं। इसके अलावा राजस्थानी खाना और बाजार भी ट्रिप को खास बना सकते हैं।

Read more!
Advertisement