Delhi Metro Stations Closed: सेंट्रल दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन बंद, इन तीन जगहों पर जारी रहेगी इंटरचेंज सुविधा
CJP के प्रदर्शन के बाद सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दी गई है। हालांकि तीन प्रमुख स्टेशनों पर यात्री मेट्रो लाइन बदल सकेंगे। जानिए किन स्टेशनों पर अगले आदेश तक पाबंदी रहेगी।

In Short
- सेंट्रल दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।
- सभी बंद स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट रोक दी गई है।
- राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय पर इंटरचेंज सुविधा जारी रखी गई है।
Delhi Metro Stations Closed: सुरक्षा कारणों से सेंट्रल दिल्ली और उसके आसपास के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए एंट्री और एग्जिट की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर यात्री मेट्रो लाइन बदल सकेंगे।
अगले आदेश तक बंद रहेंगे ये 16 स्टेशन
दिल्ली मेट्रो की ओर से जारी अपडेट के मुताबिक, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन को अगले निर्देश तक बंद रखा जाएगा।
इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट बंद रहेगी। ऐसे में इन इलाकों की ओर जाने वाले लोगों को अपनी यात्रा शुरू करने से पहले वैकल्पिक मेट्रो स्टेशन या दूसरे रास्तों की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।
इन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी
राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। यानी यात्री स्टेशन से बाहर नहीं निकल सकेंगे और न ही बाहर से स्टेशन में प्रवेश कर पाएंगे, लेकिन मेट्रो नेटवर्क के भीतर एक लाइन से दूसरी लाइन पर जा सकेंगे।
राजीव चौक पर येलो और ब्लू लाइन, मंडी हाउस पर ब्लू और वायलेट लाइन, जबकि केंद्रीय सचिवालय पर येलो और वायलेट लाइन के बीच इंटरचेंज किया जा सकेगा।
सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो के इन स्टेशनों को अगले निर्देश तक बंद रखने का फैसला किया गया है। इससे पहले जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन बंद किए गए थे, लेकिन नए अपडेट में बंद स्टेशनों की संख्या बढ़ाकर 16 कर दी गई है।
दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले सर्विस से जुड़ा ताजा अपडेट जरूर देख लें, क्योंकि स्थिति के आधार पर स्टेशनों को दोबारा खोलने का फैसला लिया जाएगा।
NEET पेपर लीक मामले पर निकला था मार्च
बताया गया है कि NEET पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP ने सोमवार को ‘संसद चलो’ मार्च निकाला था। प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान उन्हें रोकने की कोशिश में दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई थी।
118 से ज्यादा पुलिसकर्मी हुए घायल
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सोमवार को हुए उग्र प्रदर्शन के दौरान 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए। घायलों में कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त, अतिरिक्त आयुक्त और उपायुक्त रैंक के अधिकारियों को भी चोटें आईं। दिल्ली पुलिस और केंद्रीय पुलिस बलों के कुल 118 से ज्यादा जवान तथा अधिकारी इस झड़प में घायल हुए।