लोकसभा में राहुल गांधी के 'स्टूडेंट, इडियट और अंधभक्त' वाले बयान पर हंगामा! स्पीकर ने रिकॉर्ड से हटवाया शब्द

राहुल गांधी ने एक छात्रा से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए 'स्टूडेंट', 'इडियट' और 'अंधभक्त' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिस पर सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध जताया। बाद में स्पीकर ओम बिरला ने 'इडियट' शब्द को सदन की कार्यवाही से हटाने का फैसला किया।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

लोकसभा में एंटी पेपर लीक विधेयक पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। राहुल गांधी ने एक छात्रा से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए 'स्टूडेंट', 'इडियट' और 'अंधभक्त' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिस पर सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध जताया। बाद में स्पीकर ओम बिरला ने 'इडियट' शब्द को सदन की कार्यवाही से हटाने का फैसला किया।

छात्रा से बातचीत का दिया उदाहरण

राहुल गांधी ने कहा कि वे अपने भाषण की शुरुआत कुछ छात्राओं के साथ हुई बातचीत से करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि एक छात्रा के अनुसार, "स्टूडेंट" वह होता है जिसका मन और दिल खुला हो, जो लगातार सीखने की इच्छा रखता हो और दूसरों की बातों व विचारों का सम्मान करता हो।

राहुल ने कहा कि उसी छात्रा ने उन्हें लोगों के एक दूसरे वर्ग के बारे में बताया, जिन्हें लगता है कि वे सब कुछ जानते हैं। उनके मुताबिक छात्रा ने ऐसे लोगों को "इडियट" कहा। यह शब्द बोलते ही सत्ता पक्ष के सांसदों ने जोरदार विरोध शुरू कर दिया और टिप्पणी वापस लेने की मांग की।

सत्ता पक्ष का विरोध, राहुल ने दी सफाई

संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। हंगामे के बीच राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि वह सदन में मौजूद किसी सदस्य के लिए यह शब्द इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, बल्कि छात्रा के साथ हुई बातचीत का उदाहरण दे रहे हैं।

इस दौरान स्पीकर ओम बिरला ने राहुल गांधी से विधेयक पर केंद्रित रहने को कहा। राहुल ने जवाब दिया कि वे विधेयक पर ही चर्चा कर रहे हैं और "स्टूडेंट" की अवधारणा समझा रहे हैं।

'अंधभक्त' का भी किया जिक्र

राहुल गांधी ने आगे कहा कि उन्होंने छात्रा से तीसरी कैटेगरी के लोगों के बारे में पूछा तो उसने "अंधभक्त" शब्द का इस्तेमाल किया। राहुल के मुताबिक छात्रा ने कहा कि अंधभक्त वह व्यक्ति होता है जिसे पूरा विश्वास होता है कि "इडियट" ही सब कुछ जानता है। राहुल ने इसी उदाहरण के जरिए तीन कैटेगरियां- स्टूडेंट, इडियट और अंधभक्त का जिक्र किया।

राजनाथ सिंह के हस्तक्षेप के बाद हटा शब्द

राहुल गांधी के बयान पर लगातार हो रहे हंगामे के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने सत्ता पक्ष से राहुल गांधी को अपनी बात पूरी करने देने का आग्रह किया और स्पीकर से "इडियट" शब्द को सदन की कार्यवाही से हटाने का अनुरोध किया। स्पीकर ने यह अनुरोध स्वीकार करते हुए कहा कि संबंधित शब्द रिकॉर्ड से हटा दिया गया है।

अपने भाषण के अंत में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पूर्व में शिक्षा मंत्रालय की नीतियों पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का प्रभाव था। उन्होंने दावा किया कि कई केंद्रीय विश्वविद्यालयों में RSS की विचारधारा से जुड़े लोगों को कुलपति नियुक्त किया गया और संगठन छात्रों को "अंधभक्त" बनाना चाहता था। उन्होंने कहा कि छात्र इसी सोच के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे।

Read more!
Advertisement