दिवाली पर पंजाब में पराली जलाने के मामलों में बड़ा उछाल! एक दिन में 1,152 जगह लगी आग, सरकारी सख्ती भी बेअसर

दिवाली पर पंजाब में पराली जलाने के मामलों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। सरकारी सख्ती, जुर्माने और लगातार चेतावनी के बावजूद खेतों में आग लगाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। कई जिलों में हालात चिंताजनक हैं। जानिए कहां सबसे ज्यादा पराली जली और प्रशासन ने क्या कार्रवाई की है।

Advertisement

In Short

  • दिवाली पर पंजाब में पराली जलाने के 1,152 नए मामले, इस सीजन में एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा।
  • पंजाब में पराली जलाने के कुल मामले बढ़कर 4,459 हुए, तरनतारन में सबसे ज्यादा 654 घटनाएं दर्ज।
  • पराली जलाने पर 884 FIR दर्ज, 62 लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना, CAQM ने सख्ती बढ़ाने के दिए निर्देश।

By Gaurav Kumar:

दिवाली के मौके पर पंजाब में पराली जलाने के मामलों में अचानक बड़ी तेजी देखने को मिली है। सरकार की लगातार चेतावनी, जुर्माने और सख्त कार्रवाई के बावजूद खेतों में आग लगाने की घटनाएं नहीं रुक रही हैं। इससे उत्तर भारत में पहले से खराब हवा की स्थिति को लेकर चिंता और बढ़ गई है। आइए जानते हैं कि पंजाब में पराली जलाने के कितने मामले सामने आए हैं और प्रशासन ने अब तक क्या कार्रवाई की है।

दिवाली पर एक दिन में 1,152 जगह जली पराली

PTI की सोमवार की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब में 8 नवंबर को पराली जलाने के 1,152 नए मामले सामने आए। यह इस सीजन में एक दिन में दर्ज की गई सबसे ज्यादा घटनाएं हैं। इसके साथ ही राज्य में पराली जलाने के कुल मामले 7 नवंबर के 3,307 से बढ़कर 4,459 हो गए।

पिछले साल 20 अक्टूबर को दिवाली के दिन सिर्फ 45 मामले सामने आए थे। हालांकि, दोनों साल के आंकड़ों की तुलना करते समय फसल की कटाई को भी ध्यान में रखना जरूरी है।

पिछले साल के मुकाबले कितना अंतर?

पिछले साल 20 अक्टूबर तक पंजाब में धान की कुल खेती वाले इलाके में सिर्फ 32 फीसदी फसल की कटाई हुई थी। वहीं, इस साल 8 नवंबर तक करीब 92 फीसदी फसल काटी जा चुकी थी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल 8 नवंबर तक पराली जलाने के 3,622 मामले दर्ज हुए थे। वहीं, 30 नवंबर तक इनकी संख्या 5,114 पहुंच गई थी।

किन जिलों में सबसे ज्यादा जली पराली?

इस सीजन में अब तक तरनतारन में सबसे ज्यादा 654 मामले दर्ज हुए हैं।रविवार को नए मामलों में संगरूर सबसे आगे रहा। यहां 194 जगह पराली जलाई गई, जिससे कुल आंकड़ा 488 हो गया।

फिरोजपुर में 157 नए मामले सामने आए और कुल संख्या 592 पहुंच गई। बठिंडा में 132 नए मामलों के साथ आंकड़ा 406 हो गया।पटियाला में 92 नए मामले दर्ज हुए, जिससे कुल संख्या 288 पहुंच गई। वहीं, बरनाला में 91 और लुधियाना में 71 नए मामले सामने आए।

किसानों पर 884 FIR, लाखों रुपये का जुर्माना

पराली जलाने वालों के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। अब तक भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत 884 FIR दर्ज की गई हैं।इसके अलावा 1,017 किसानों के जमीन से जुड़े रेवेन्यू रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है।प्रशासन ने 1,228 मामलों में 62 लाख रुपये से ज्यादा का पर्यावरण जुर्माना लगाया है। इसमें से 32 लाख रुपये से ज्यादा की वसूली हो चुकी है।

CAQM ने अधिकारियों को दिए सख्ती बढ़ाने के निर्देश

कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने पंजाब में पराली जलाने के बढ़ते मामलों पर गंभीर चिंता जताई है।हाल ही में आयोग ने 12 जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के उपायों की समीक्षा हुई।CAQM ने अधिकारियों को निगरानी और सख्ती बढ़ाने के साथ जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं।

बता दें कि पंजाब में पराली जलाने की निगरानी हर साल 15 सितंबर से शुरू होती है और नवंबर के आखिर तक चलती है। धान की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होती है।

Read more!
Advertisement