नेपाल के पीएम बालेन शाह आएंगे भारत! पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात, इन मुद्दों पर होगी चर्चा
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को अपने पहले द्विपक्षीय भारत दौरे पर आ रहे हैं। दो दिवसीय यात्रा के दौरान वह पीएम नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। नेपाल भारत से 2 अरब डॉलर से ज्यादा की आर्थिक मदद चाहता है। जानिए इस दौरे में किन अहम मुद्दों पर बातचीत होगी।

In Short
- नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को दो दिवसीय भारत दौरे पर आएंगे, पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात।
- नेपाल बुनियादी ढांचे और पुनर्निर्माण के लिए भारत से 2 अरब डॉलर से ज्यादा की आर्थिक मदद मांग रहा है।
- भारत-नेपाल के बीच व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और विकास परियोजनाओं पर अहम बातचीत होने की उम्मीद।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को दो दिवसीय भारत यात्रा पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा होगी। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इस दौरे में व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है। नेपाल भारत से 2 अरब डॉलर से ज्यादा की आर्थिक सहायता भी मांग रहा है।
मोदी और जयशंकर से कब होगी मुलाकात?
बालेन शाह 22 नवंबर रविवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। इसके अगले दिन यानी 23 नवंबर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत होगी। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी उनकी मुलाकात होगी।
दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, जल संसाधन, डिजिटल कनेक्टिविटी, तकनीक, इनोवेशन और खेल जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।
भारत से 2 अरब डॉलर से ज्यादा की मदद चाहता है नेपाल
बालेन शाह की इस यात्रा का एक बड़ा मुद्दा आर्थिक सहायता भी है। नेपाल बुनियादी ढांचे के विकास और पुनर्निर्माण के लिए भारत से 2 अरब डॉलर से ज्यादा की मदद मांग रहा है।
इसमें 1 अरब डॉलर का रियायती कर्ज, 50 करोड़ डॉलर का अनुदान और 50 करोड़ डॉलर पुनर्निर्माण और पुनर्वास के लिए शामिल हैं।
पहले भी कई समझौतों पर लगी मुहर
भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से व्यापार और विकास को लेकर सहयोग होता रहा है। नवंबर 1991 में नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला की भारत यात्रा के दौरान व्यापार और ट्रांजिट समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे।
वहीं, 1996 में शेर बहादुर देउबा के दौरे के दौरान महाकाली संधि और बिजली व्यापार समझौता हुआ था।
2002 से 2004 के बीच नेपाल में माओवादी विद्रोह और सुरक्षा सहयोग दोनों देशों की बातचीत के प्रमुख मुद्दे रहे।
2015 के बाद रिश्तों में आया था तनाव
सितंबर 2015 में नेपाल का नया संविधान लागू होने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव आया था। फरवरी 2016 में तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भारत आकर रिश्तों को सामान्य बनाने की कोशिश की थी।
इसके बाद 2018 में रक्सौल-काठमांडू रेलवे और जलमार्ग सहयोग को लेकर सहमति बनी।
ऊर्जा और व्यापार पर रहेगा खास जोर
जून 2023 में पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' की भारत यात्रा के दौरान ऊर्जा क्षेत्र में अहम फैसले हुए थे। भारत ने अगले 10 वर्षों में नेपाल से 10,000 मेगावाट बिजली खरीदने की योजना घोषित की थी।
इसके अलावा बांग्लादेश को भारतीय क्षेत्र के रास्ते बिजली निर्यात और सीमा पार डिजिटल भुगतान सहयोग को भी आगे बढ़ाया गया था।
अब बालेन शाह के दौरे में इन्हीं क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के साथ नई विकास परियोजनाओं और आर्थिक सहायता पर खास नजर रहेगी।