Skyroot Aerospace की सफलता पर बोले पीएम मोदी- 28 साल के युवाओं ने बढ़ाया भारत का मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय स्टार्टअप Skyroot Aerospace की उपलब्धि को देश के युवाओं की क्षमता और नए भारत की बदलती पहचान का प्रतीक बताया।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय स्टार्टअप Skyroot Aerospace की उपलब्धि को देश के युवाओं की क्षमता और नए भारत की बदलती पहचान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया के बहुत कम देशों में निजी क्षेत्र ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में ऐसी सफलता हासिल की है और भारत के युवाओं ने इस उपलब्धि के साथ अंतरिक्ष में नई उड़ान भरी है।

28 साल की टीम ने कर दिखाया बड़ा काम

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि Skyroot Aerospace की टीम की औसत उम्र सिर्फ 28 साल है। उन्होंने कहा, "ऐसे नौजवानों ने यह काम करके दिखाया है। मैं किसी 56 साल के नौजवान की बात नहीं कर रहा हूं। 28 साल की औसत उम्र वाले इन युवाओं ने अंतरिक्ष में भारत का झंडा गाड़ दिया है।"

उन्होंने इस उपलब्धि को भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम और युवाओं के बढ़ते आत्मविश्वास का बड़ा उदाहरण बताया।

युवाओं की ताकत से मजबूत हो रही भारत की पहचान

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में भारत की प्रोफाइल लगातार मजबूत हो रही है। उनके मुताबिक, यह संयोग नहीं बल्कि देश के युवाओं की क्षमता और उनकी असीम आकांक्षाओं का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सुधारों की बदौलत आज देश के युवा बड़े साहस के साथ आगे बढ़ रहे हैं और नई-नई सफलताएं हासिल कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में देश को बड़ी ऑयल रिफाइनरी, तीसरा सेमीकंडक्टर प्लांट और ग्रीन हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन समर्पित की गई है। उन्होंने कहा कि भारत की हाइड्रोजन ट्रेन दुनिया की सबसे ताकतवर इंजन वाली और सबसे लंबी ट्रेन है, जो वैज्ञानिकों, इंजीनियरों, इनोवेटर्स, उद्यमियों और श्रमिकों की मेहनत का नतीजा है।

उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से ऊर्जा आयात पर निर्भर देशों के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी हुईं। इसके बावजूद भारत 7.7% की विकास दर के साथ दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला देश बना रहा।

संसद से भी की सकारात्मक सहयोग की अपील

मानसून सत्र की शुरुआत का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश विकास की तेज़ रफ्तार पकड़ चुका है और संसद का सकारात्मक माहौल इस गति को नई ऊर्जा दे सकता है। उन्होंने सभी दलों से सार्थक चर्चा और सहयोग के साथ देश को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की।

Read more!
Advertisement