'9/11 जैसी घटना होने से रोकी', Captain Smith की बहादुरी पर बोले PM Modi

दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai फ्लाइट में अचानक हालात बेहद गंभीर हो गए। विमान में 174 यात्री सवार थे। इस मुश्किल घड़ी में भारतीय पायलट Captain Smit Machchhar ने साहस और सूझबूझ दिखाई। PM Modi ने उनकी बहादुरी की तारीफ करते हुए देशवासियों से खास अपील की है।

Advertisement

In Short

  • Flydubai की दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में मिड-एयर इमरजेंसी के दौरान Captain Smith ने दिखाई बहादुरी
  • प्रधानमंत्री मोदी ने Captain Smith के माता-पिता और पत्नी से बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली
  • फ्लाइट में 174 यात्री थे सवार, घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक डायवर्ट किया गया

By Gungun Mishra:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में हुई मिड-एयर इमरजेंसी के दौरान भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी की तारीफ की है। आरोप है कि फ्लाइट के को-पायलट ने विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी, जिसे कैप्टन स्मित ने नाकाम कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी बहादुरी हर भारतीय को गर्व से भर देती है।

PM मोदी ने क्या कहा?

UPSC के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कैप्टन स्मित ने मुश्किल हालात में धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि एक भारतीय ने 9/11 जैसी घटना होने से रोक दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि उन्होंने कैप्टन स्मित के पिता भूपेंद्र, मां गीता और पत्नी सोनल से भी बात की है। स्मित फिलहाल इलाज करा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से उनके लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने की अपील की।

फ्लाइट में क्या हुआ था?

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इसी दौरान विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए और फ्लाइट तेजी से नीचे आने लगी। इसके बाद विमान को डायवर्ट कर सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज एयरपोर्ट पर उतारा गया।

इस फ्लाइट में कुल 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल थे।

इजरायली अधिकारी ने बताया 'टेरर एक्ट'

दक्षिण भारत में इजरायल की कॉन्सुल जनरल ओरली वेट्जमैन ने इस घटना को 'टेरर एक्ट' बताया। उन्होंने कहा कि अगर कैप्टन मच्छर ने बहादुरी नहीं दिखाई होती तो यह एक बड़ी त्रासदी में बदल सकती थी। उन्होंने भारतीय पायलट को 'रियल हीरो' बताते हुए यात्रियों को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने की तारीफ की।

वेट्जमैन के मुताबिक, हमले के बाद फ्लाइट में मौजूद एक इजरायली डॉक्टर ने घायल पायलट का इलाज किया। 

घटना की जांच जारी

इजरायली अधिकारी ने कहा कि इस घटना के पीछे कौन था और को-पायलट विमान में चाकू कैसे लेकर पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह भी साफ नहीं है कि यह अकेली घटना थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी।

वेट्जमैन ने कहा कि इजरायल और UAE के बीच संबंध मजबूत हैं और एक डरावनी घटना का मतलब यह नहीं है कि इजरायल के लिए उड़ान भरना सुरक्षित नहीं है।

Read more!
Advertisement