पीएम मोदी ने वडोदरा से गिनाईं विकास की उपलब्धियां, फ्रेट कॉरिडोर से C295 तक बताई बदलते भारत की तस्वीर

वडोदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास और बदलती कार्य संस्कृति का जिक्र करते हुए कई बड़ी परियोजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, रेलवे, C295 विमान और मेक इन इंडिया से लेकर युवाओं की स्किल पर सरकार के फोकस की बात की।

Advertisement

By Rohit Chaudhary:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडोदरा में अपने संबोधन के दौरान कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों के साथ विकसित भारत की यात्रा की तस्वीर आज देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि थोड़ी देर पहले देश के विकास से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है।

पीएम मोदी ने स्वच्छता अभियान में लोगों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि जिस सेवा भाव से लोगों ने स्वच्छता और स्वागत अभियान चलाया, उसके लिए वह सभी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा, “कल का आपका वीडियो देखकर सीना चौड़ा हो गया। पीएम मोदी ने कहा कि अब गणेशोत्सव और नवरात्रि की बारी है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान पूरे गुजरात का ध्यान वडोदरा पर रहता है।

डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का जिक्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त को उन्होंने विकसित भारत के लिए सप्तधारा का आह्वान किया था और आज यहां से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा पूरा हुआ है। उन्होंने इसे 21वीं सदी के लिए ऐतिहासिक कार्य बताया।

पीएम मोदी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश की काम करने की संस्कृति बदली है। उन्होंने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का विचार वर्ष 2004 में आया था और 2006 में इसके लिए विशेष कंपनी बनाई गई थी, लेकिन 2014 तक यह प्रोजेक्ट फाइलों में ही पड़ा रहा।
उन्होंने कहा कि अगर उसी गति से देश चलता रहता तो आने वाली कई पीढ़ियों तक ऐसे प्रोजेक्ट पूरे नहीं होते।

ट्रक वालों पर भी बोले पीएम मोदी

फ्रेट कॉरिडोर को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग सवाल करते हैं कि ट्रक वालों का क्या होगा। उन्होंने कहा कि ट्रक वालों को भी इससे काम मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि फ्रेट कॉरिडोर के जरिए रेल वहां तक पहुंच रही है, जहां आजादी के बाद भी रेल कनेक्टिविटी नहीं पहुंची थी।

उन्होंने कहा कि पहले बजट में कुछ ट्रेनों की घोषणा होती थी, लेकिन अब पूरे साल अलग-अलग नई ट्रेनें शुरू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज भी यहां से नई ट्रेन कनेक्टिविटी शुरू हुई है, जिससे करोड़ों लोगों का जीवन बेहतर होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि इस साल रेल बजट पौने तीन लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है, जो 12 साल पहले के मुकाबले कई गुना अधिक है और इससे रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।

C295 और 'मेक इन इंडिया' का जिक्र

वडोदरा में विकास का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि शहर आज कहां से कहां पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि देश के पहले मेड इन इंडिया C295 विमान की पहली उड़ान आकाश में हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में भारत मेट्रो कोच बनाने वाला प्रमुख निर्माता बना है। वर्ष 2014 से अब तक करीब 50 हजार आधुनिक रेल कोच बनाए गए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब चिप से लेकर शिप तक निर्माण की नई गाथा लिख रहा है।

बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना

छात्रों की ओर से लगाए जा रहे नारों और कथित 'गूंज' पर बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि “झूठ की गूंज से भरमाने वाले हर चौराहे पर मिल जाएंगे, लेकिन भारत का नौजवान सच की हुंकार के लिए चलता है।”
उन्होंने कहा कि देश के युवा देख रहे हैं कि सरकार सभी सेक्टर में कितना काम कर रही है।

युवाओं के भविष्य पर सरकार का फोकस

पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की सारी मेहनत देश के युवाओं का भविष्य बेहतर बनाने के लिए है। उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और भारत भी उसी के अनुरूप बदल रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले फोकस डिग्री पर होता था, लेकिन अब स्किल पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा नीति को भी नए रूप में ढाला जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि इसी भावना के साथ उन्होंने लाल किले से दो बड़ी घोषणाएं की थीं।

Read more!
Advertisement