दुनिया में उथल-पुथल के बीच भारत की रफ्तार कायम, प्रधानमंत्री मोदी ने बेल्जियम के पीएम के सामने कही बड़ी बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ मुलाकात के बाद भारत की 7.8 प्रतिशत ग्रोथ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक संघर्ष और सप्लाई चेन की चुनौतियों के बीच भी भारत मजबूत बना हुआ है और बेल्जियम के साथ ऊर्जा तथा सेमीकंडक्टर सहयोग बढ़ेगा।

In Short
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की है।
- भारत और बेल्जियम ने रिन्यूएबल एनर्जी, क्रिटिकल मिनरल्स और सेमीकंडक्टर में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
- बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने पीएम मोदी के लिए बेल्जियन चॉकलेट से बने इंडिया गेट का खास तोहफा तैयार कराया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक उथल-पुथल के बीच भारत की आर्थिक मजबूती और बेल्जियम के साथ बढ़ते सहयोग पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष की स्थिति बनी हुई है, जिसका असर भोजन, ईंधन और सप्लाई चेन पर पड़ा है। इसके बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था ने अपनी रफ्तार बनाए रखी है और 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की है।
गुरुवार को भारत दौरे पर आए बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर से मुलाकात के बाद हैदराबाद हाउस में दोनों नेताओं ने पत्रकारों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत की ग्रोथ स्टोरी दुनिया के लिए विश्वास और नए अवसरों का स्रोत बन रही है।
क्लीन एनर्जी और सप्लाई चेन पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और बेल्जियम के लिए क्लीन एनर्जी फ्यूचर और विश्वसनीय सप्लाई चेन साझा प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने कहा कि रिन्यूएबल एनर्जी को लेकर हुआ समझौता दोनों देशों के बीच सहयोग को नई गति देगा।
उन्होंने यह भी कहा कि क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में भारत और बेल्जियम ने प्रोसेसिंग और रिसाइक्लिंग में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है।
सेमीकंडक्टर में बढ़ेगा सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में बेल्जियम की विशेषज्ञता और भारत का बड़ा स्केल एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने बताया कि बेल्जियम के IMEC इंस्टीट्यूट को भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जोड़ने के लिए दोनों देश मिलकर काम करेंगे।
मोदी ने कहा कि भारत और बेल्जियम कानून के शासन, बातचीत और डिप्लोमेसी में विश्वास रखते हैं।
यूक्रेन और वेस्ट एशिया पर क्या बोले मोदी?
प्रधानमंत्री मोदी ने युद्ध और संघर्ष को जल्द खत्म करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चाहे यूक्रेन हो या वेस्ट एशिया, भारत शांति के हर प्रयास का समर्थन करता है। साथ ही आतंकवाद के हर रूप को जड़ से खत्म करना भारत और बेल्जियम की साझा प्रतिबद्धता है।
बेल्जियम PM का चॉकलेट वाला खास तोहफा
बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने इस दौरान एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी को इंडिया गेट का एक स्कल्पचर तोहफे में देना चाहते थे, जो पूरी तरह बेल्जियन चॉकलेट से बना था।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि असली इंडिया गेट करीब एक सदी से खड़ा है, लेकिन चॉकलेट से बना उसका वर्जन भारत तक का सफर पूरा नहीं कर पाया। उन्होंने कहा कि चॉकलेट कूटनीति के लिए तो अच्छी है, लेकिन कूटनीतिक यात्रा के लिए नहीं।
बार्ट डी वेवर ने कहा कि बेल्जियम में इसका बैकअप मौजूद है और वह किसी न किसी तरह इसे प्रधानमंत्री मोदी तक सही-सलामत पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया गेट को इसलिए चुना गया क्योंकि यह दोनों देशों के साझा इतिहास और भविष्य की साझेदारी का प्रतीक है।