BookMyShow पर पीएम मोदी के कार्यक्रम का जबरदस्त क्रेज, 1 घंटे में सारी सीटें बुक, 42 हजार से ज्यादा वेटिंग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वडोदरा कार्यक्रम के लिए पहली बार BookMyShow के जरिए मुफ्त रजिस्ट्रेशन कराया गया। लोगों की प्रतिक्रिया इतनी तेज रही कि महज एक घंटे में सभी उपलब्ध सीटें भर गईं और 42 हजार से ज्यादा लोग वेटिंग लिस्ट में पहुंच गए। कार्यक्रम में डिजिटल M-ticket और लाइव QR कोड के जरिए एंट्री दी जाएगी।

In Short
- BookMyShow पर एक घंटे के भीतर सभी उपलब्ध सीटें बुक हो गईं
- 42 हजार से ज्यादा लोग वेटिंग लिस्ट में पहुंचे
- PM मोदी ₹35 हजार करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 सितंबर को वडोदरा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान एक खास प्रयोग भी देखने को मिलेगा। पहली बार प्रधानमंत्री के किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए लोगों को BookMyShow के जरिए मुफ्त रजिस्ट्रेशन का मौका दिया गया। वडोदरा नगर निगम ने कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन संभालने में इस निजी टिकटिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया।
‘NaMo for Viksit Bharat’ नाम से होने वाला यह कार्यक्रम महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी पवेलियन में आयोजित किया जाएगा। इसमें छात्रों, प्रोफेशनल्स, शिक्षकों, उद्यमियों, इंडस्ट्री प्रतिनिधियों और आम नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम का फोकस 2047 तक विकसित भारत के विजन और उसमें लोगों की भागीदारी पर रहेगा।
एक घंटे में सभी सीटें बुक
कार्यक्रम के लिए जैसे ही रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ, लोगों की जबरदस्त दिलचस्पी देखने को मिली। महज एक घंटे के भीतर सभी उपलब्ध सीटें बुक हो गईं। इसके बाद 42 हजार से ज्यादा लोग वेटिंग लिस्ट में पहुंच गए। सीटें भरने के बाद रजिस्ट्रेशन बंद कर दिया गया।
एंट्री भी पूरी तरह डिजिटल
कार्यक्रम में एंट्री के लिए पूरी तरह डिजिटल व्यवस्था की गई है। रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोगों को उनके BookMyShow अकाउंट पर इलेक्ट्रॉनिक M-ticket मिलेगा। इस टिकट में लाइव QR कोड होगा। कार्यक्रम स्थल पर इसी QR कोड को स्कैन करके एंट्री की पुष्टि की जाएगी।
₹35 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाएं
PM मोदी के वडोदरा दौरे में विकास परियोजनाओं पर भी बड़ा फोकस रहेगा। वह ₹35,000 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इनमें वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के 326 किलोमीटर लंबे तीन सेक्शन भी शामिल हैं। इन सेक्शन के शुरू होने के बाद पूरा फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क ऑपरेशनल हो जाएगा। करीब ₹20,700 करोड़ से ज्यादा की लागत वाले इन सेक्शन से उत्तर भारत को मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट यानी JNPT से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
इससे आयात-निर्यात से जुड़े कार्गो की आवाजाही तेज होने, लॉजिस्टिक्स लागत कम होने और मौजूदा रेलवे रूट्स पर दबाव घटने की उम्मीद है। PM मोदी न्यू साणंद, न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू JNPT से फ्रेट सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा वडोदरा से टांडा रोड के बीच नई पैसेंजर ट्रेन को रवाना किया जाएगा।
रेल, हाईवे और सोलर प्रोजेक्ट भी शामिल
प्रधानमंत्री जोबाट-टांडा रोड रेल लाइन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसका मकसद अलीराजपुर के दूरदराज और आदिवासी इलाकों को राष्ट्रीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ना है।
इसके अलावा करीब ₹9,700 करोड़ की तीन रेलवे परियोजनाओं और करीब ₹1,780 करोड़ की तीन हाईवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। गुजरात सरकार की करीब ₹2,600 करोड़ की परियोजनाएं भी कार्यक्रम में शामिल हैं। इनमें वडोदरा रिंग रोड का दूसरा चरण, कडाना बांध पर 110 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट, नया नगर निगम कार्यालय, PMAY के तहत आवास और 11 गांवों के लिए जलापूर्ति परियोजना शामिल हैं।