विश्वास, विकास और सुशासन का ऐसा दौर जिसने बदली भारत की तस्वीर: पीएम मोदी के 12 साल पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस
नरेंद्र मोदी के 12 साल तक पीएम के रूप में काम करने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक आर्टिकल लिखते हुए कहा कि यह केवल राजनीतिक नेतृत्व का समय नहीं रहा, बल्कि विश्वास, विकास, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और जनकल्याण का संगम रहा है।

Devendra Fadnavis on Modi government: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजनीति में नया कीर्तिमान बनाते हुए देश के सबसे लंबे समय तक पीएम रहने का रिकॉर्ड बनाया है। 26 मई 2014 को मोदी पहली बार देश के पीएम बने थे और आज 10 जून 2026 को उनका पीएम के रूप में कार्यकाल 4399 दिन का हो गया है।
पीएम मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। नरेंद्र मोदी के 12 साल तक पीएम के रूप में काम करने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक आर्टिकल लिखते हुए कहा कि यह केवल राजनीतिक नेतृत्व का समय नहीं रहा, बल्कि विश्वास, विकास, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और जनकल्याण का संगम रहा है।
आर्टिकल में कहा गया है कि किसी भी सार्वजनिक यात्रा का मूल्यांकन उसके परिणामों और समाज पर पड़े प्रभाव के आधार पर किया जाना चाहिए। इस दृष्टि से मोदी सरकार के 12 वर्षों को आम नागरिकों के जीवन में आए बदलावों के संदर्भ में महत्वपूर्ण बताया गया है।
अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता पर जोर
आर्टिकल में दावा किया गया है कि पिछले दशक में भारत की अर्थव्यवस्था लगभग 2 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 4.18 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है, जिससे देश दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं ने देश को आत्मनिर्भर बनाने और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई है। आज भारत सिर्फ अपने लिए ही नहीं, बल्कि दुनिया के लिए भी सामान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी का नतीजा है कि भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन निर्माता बन गया है। इसके अलावा सेमीकंडक्टर (चिप) निर्माण जैसे हाई-टेक क्षेत्रों में भी बड़े निवेश आ रहे हैं, जिससे देश में नए उद्योग, रोजगार और तकनीकी क्षमताएं बढ़ रही हैं।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पिछले कुछ साल में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से सुधार हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क 91,000 किलोमीटर से बढ़कर करीब 1.46 लाख किलोमीटर तक पहुंच गया है, जिससे सड़क संपर्क काफी बेहतर हुआ है। वहीं, रेलवे में भी बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। रेलवे लाइनों का तेजी से विद्युतीकरण हुआ है, वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों की शुरुआत हुई है और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों को नया रूप दिया जा रहा है। इसके अलावा, देश का मेट्रो नेटवर्क 248 किलोमीटर से बढ़कर 1,095 किलोमीटर से ज्यादा हो गया है, जिससे शहरों में यात्रा पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा आसान और सुविधाजनक हुई है।
किसानों, गरीबों और महिलाओं पर फोकस
आर्टिकल में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा गया है कि इन कार्यक्रमों ने करोड़ों लोगों तक सीधे लाभ पहुंचाया है।
महिला सशक्तिकरण के संदर्भ में जनधन खातों, लखपति दीदी योजना, स्वयं सहायता समूहों और सशस्त्र बलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख किया गया है। वहीं युवाओं के लिए Startup India और PLI जैसी योजनाओं को अवसर पैदा करने वाला बताया गया है।
इसके अलावा अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और केदारनाथ पुनर्विकास जैसी परियोजनाओं को भारत की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाले कदम बताया गया है।