RCEP में शामिल होता भारत तो बर्बाद हो जाती मैन्युफैक्चरिंग, चीन का सामान बेच रहे होते हम: पीयूष गोयल

भारत ने 2019 में एक बड़े ट्रेड एग्रीमेंट से बाहर रहने का फैसला किया था। अब केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस फैसले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि अगर भारत इस समझौते में शामिल होता, तो देश की इंडस्ट्री को भारी नुकसान हो सकता था। आखिर क्यों?

Advertisement

In Short

  • पीयूष गोयल ने कहा कि RCEP में शामिल होने से भारत का मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर बर्बाद हो सकता था।
  • गोयल ने मनमोहन सिंह सरकार के दौरान RCEP की बातचीत में शामिल होने के फैसले पर सवाल उठाए।
  • - भारत ने 4 नवंबर 2019 को RCEP से बाहर रहने का फैसला किया था, जिसमें चीन समेत 15 देश शामिल हैं।

By Gaurav Kumar:

भारत ने साल 2019 में एक ऐसा फैसला लिया था, जिसका असर देश की इंडस्ट्री और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर पड़ सकता था। उस समय भारत के सामने एक बड़े इंटरनेशनल ट्रेड एग्रीमेंट में शामिल होने का विकल्प था, लेकिन सरकार ने इससे बाहर रहने का फैसला किया। अब केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया है कि यह फैसला क्यों जरूरी था और इससे देश को किस तरह के नुकसान से बचाया गया।

RCEP में शामिल होता भारत तो क्या होता?

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को नई दिल्ली में ISID-IDRA की चौथी नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन इंडियाज इंडस्ट्रियल ट्रांसफॉर्मेशन में कहा कि अगर भारत 2019 में रीजनल कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक पार्टनरशिप (RCEP) में शामिल हो जाता, तो देश का मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर बर्बाद हो सकता था।

उनके मुताबिक, इस समझौते से भारतीय बाजार में चीन के सामान की बाढ़ आ जाती और घरेलू कंपनियों के लिए मुकाबला करना मुश्किल हो जाता।

चीन को लेकर पीयूष गोयल ने क्या कहा?

गोयल ने बताया कि भारत के पास पहले से ASEAN देशों, जापान और दक्षिण कोरिया के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट थे। ऑस्ट्रेलिया के साथ बातचीत चल रही थी, जबकि न्यूजीलैंड के साथ उस समय कुल द्विपक्षीय व्यापार सिर्फ 350 मिलियन डॉलर था।

ऐसे में चीन ही एक बड़ा देश बचता था, जिसके साथ भारत का फ्री ट्रेड एग्रीमेंट नहीं था। गोयल ने सवाल उठाया कि आखिर RCEP की बातचीत में शामिल होने की ऐसी क्या मजबूरी थी।

मनमोहन सरकार के फैसले पर उठाए सवाल

पीयूष गोयल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के दौरान RCEP की बातचीत में शामिल होने के फैसले पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि इस समझौते से भारत का घरेलू बाजार चीनी कंपनियों के लिए खुल सकता था और भारतीय कारोबारियों को पर्याप्त टैरिफ प्रोटेक्शन नहीं मिलता।गोयल के मुताबिक, इससे घरेलू मैन्युफैक्चरिंग और भारतीय कंपनियों के भविष्य पर गंभीर असर पड़ सकता था।

फाइलें देखकर क्यों परेशान हुए गोयल?

गोयल ने बताया कि 1 जून 2019 को वाणिज्य मंत्री का पद संभालने के बाद उन्होंने RCEP से जुड़ी फाइलों की जांच शुरू की।उनके मुताबिक, हर नई फाइल में ऐसी बातें सामने आ रही थीं, जो चिंता बढ़ाने वाली थीं। उन्होंने कहा कि इस समझौते के जरिए भारत का भविष्य दांव पर लगाया जा रहा था।

प्रधानमंत्री मोदी के सामने कैसे पहुंचा मामला?

गोयल ने दावा किया कि वह बार-बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहते थे कि भारत को RCEP में शामिल नहीं होना चाहिए।

वहीं, बातचीत में शामिल कुछ अधिकारी समझौते का समर्थन कर रहे थे। उनके मुताबिक, अधिकारी प्रधानमंत्री को बताते थे कि भारत का भविष्य RCEP में है।गोयल ने कहा कि सभी जानकारियां देखने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने समझौते से बाहर रहने का फैसला लिया।

4 नवंबर 2019 का फैसला क्यों था अहम?

पीयूष गोयल ने कहा कि 4 नवंबर 2019 को बैंकॉक में लिया गया फैसला भारत की इंडस्ट्री के लिए बेहद अहम था।

उनके मुताबिक, अगर भारत उस दिन RCEP से बाहर नहीं होता, तो आज देश मैन्युफैक्चरिंग के बजाय चीन में बने सामान को बेच रहा होता।

उन्होंने कहा कि कई साल की बातचीत के बाद इतने बड़े समझौते से बाहर निकलने के लिए राजनीतिक हिम्मत की जरूरत थी।

क्या है RCEP और भारत क्यों हुआ बाहर?

RCEP एक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट है, जिसमें एशिया-पैसिफिक क्षेत्र की 15 अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं। इनमें चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और ASEAN के 10 देश हैं।

भारत भी इसकी बातचीत में शामिल था, लेकिन 4 नवंबर 2019 को सरकार ने समझौते से बाहर रहने का ऐलान कर दिया।

उस समय सरकार ने बढ़ते ट्रेड डेफिसिट, अनुचित तरीके से होने वाले इंपोर्ट, मार्केट एक्सेस और किसानों, MSMEs व घरेलू मैन्युफैक्चरर्स पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंता जताई थी।

Read more!
Advertisement