निखिल गुप्ता को 24 साल की जेल देने की मांग! 20 नवंबर को आएगा फैसला

खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अमेरिकी सरकार ने कोर्ट से कड़ी सजा देने की मांग की है, जबकि बचाव पक्ष ने कई दलीलें रखी हैं। जानिए पूरा मामला और कब आएगा फैसला।

Advertisement

In Short

  • अमेरिकी सरकार ने निखिल गुप्ता के लिए 293 महीने यानी करीब 24 साल 5 महीने की जेल की सजा मांगी है।
  • निखिल गुप्ता के वकीलों ने 12 साल की जेल की मांग की और विकाश यादव के दबाव में काम करने का दावा किया।
  • पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में 20 नवंबर को सजा सुनाई जानी है, गुप्ता पहले ही अपना गुनाह कबूल कर चुके हैं।

By Gaurav Kumar:

अमेरिका में खालिस्तानी अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अमेरिकी सरकार ने कोर्ट से उन्हें लंबी जेल की सजा देने की मांग की है। हालांकि, गुप्ता के वकील कम सजा की अपील कर रहे हैं। अब इस मामले में 20 नवंबर को सजा सुनाई जानी है। आइए जानते हैं कि अमेरिकी सरकार ने क्या दलील दी है और बचाव पक्ष का क्या कहना है।

अमेरिकी सरकार ने मांगी 293 महीने की जेल

अमेरिकी सरकार ने 55 साल के निखिल गुप्ता के लिए 293 महीने यानी करीब 24 साल 5 महीने की जेल की सजा मांगी है। न्यूयॉर्क के सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में जज विक्टर मारेरो को सौंपी गई 20 पेज की रिपोर्ट में प्रॉसिक्यूटर्स ने गुप्ता की भूमिका को 'क्रूर' और 'बेहद दुस्साहसिक' बताया है।

सरकारी वकीलों का कहना है कि गुप्ता एक अमेरिकी नागरिक की राजनीतिक विचारधारा के कारण उसकी हत्या की विदेशी साजिश में अहम भागीदार थे। इसलिए उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

निखिल गुप्ता ने कबूल किए आरोप

निखिल गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में मर्डर-फॉर-हायर, मर्डर-फॉर-हायर की साजिश और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश से जुड़े आरोपों में अपना गुनाह कबूल किया था।

इस मामले में सजा की गाइडलाइंस 235 से 293 महीने की जेल का प्रावधान करती हैं। अमेरिकी सरकार ने इसी रेंज में सबसे ज्यादा सजा देने की मांग की है।

वकीलों ने की 12 साल की सजा की मांग

दूसरी तरफ गुप्ता के वकीलों ने कोर्ट से 12 साल की जेल और उसके बाद तीन साल की सुपरवाइज्ड रिलीज की मांग की है।बचाव पक्ष ने प्रोबेशन डिपार्टमेंट की 144 महीने की सजा वाली सिफारिश स्वीकार करने को कहा है। वकीलों के मुताबिक, गुप्ता का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

घटना के समय वह शराब की लत से जूझ रहे थे और उनका इलाज नहीं चल रहा था। वह तीन साल से ज्यादा समय हिरासत में बिता चुके हैं।

विकाश यादव के दबाव में काम करने का दावा

गुप्ता के वकीलों का कहना है कि वह अपने अपराध की गंभीरता को कम नहीं बता रहे हैं, लेकिन सजा जरूरत से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।बचाव पक्ष के मुताबिक, गुप्ता ने सह-आरोपी विकाश यादव के दबाव में काम किया था। उन्हें लगता था कि यादव को भारत सरकार का समर्थन हासिल है। वकीलों ने यह भी दावा किया कि प्रस्तावित पेमेंट से गुप्ता को कोई आर्थिक फायदा नहीं होने वाला था।

गुप्ता ने जज को लिखी चिट्ठी

निखिल गुप्ता ने जज को लिखे पत्र में अपने किए पर पछतावा जताया है। उन्होंने कहा कि काश वह 2023 में वापस जाकर अपनी गलतियां सुधार पाते।गुप्ता ने इस बात पर भी राहत जताई कि उनके काम की वजह से किसी की मौत नहीं हुई और न ही कोई घायल हुआ।

कैसे रची गई थी हत्या की साजिश?

कोर्ट डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, गुप्ता ने विकाश यादव समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की योजना बनाई थी।यादव के कहने पर गुप्ता ने जिस व्यक्ति को अपराधी समझकर संपर्क किया, वह असल में अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का कॉन्फिडेंशियल सोर्स था।हत्या के लिए एक अंडरकवर अधिकारी को 1 लाख डॉलर देने की बात तय हुई थी। जून 2023 में एक सहयोगी ने 15,000 डॉलर एडवांस भी पहुंचाए थे।

क्या गुप्ता की सजा कम हो सकती है?

गुनाह कबूल करने और अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के कारण गुप्ता को सेंटेंसिंग गाइडलाइंस के तहत सजा में राहत मिल सकती है।इसके अलावा 12 महीने से ज्यादा की सजा मिलने पर अच्छे व्यवहार के आधार पर उन्हें 15% तक की अतिरिक्त छूट भी मिल सकती है। हालांकि, अंतिम फैसला कोर्ट को करना है।

Read more!
Advertisement