अयोध्या राम मंदिर CEO पद के लिए जबरदस्त क्रेज! 1,000+ आवेदन आए; 19 जुलाई को तय होगी आगे की प्रक्रिया

सूत्रों के मुताबिक, इस पद के लिए देशभर से अब तक 1,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। सबसे ज्यादा आवेदन रिटायर्ड नौकरशाहों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से आए हैं।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

अयोध्या स्थित राम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए लोगों में जबरदस्त रुचि देखने को मिल रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस पद के लिए देशभर से अब तक 1,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। सबसे ज्यादा आवेदन रिटायर्ड नौकरशाहों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से आए हैं।

24 घंटे में ही आए बड़ी संख्या में आवेदन

जानकारी के अनुसार, भर्ती की अधिसूचना जारी होने के महज 24 घंटे के भीतर ही चयन समिति के आधिकारिक ईमेल पर बड़ी संख्या में आवेदन पहुंच गए। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई तय की गई है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि अंतिम तारीख तक आवेदनों की संख्या कई हजार तक पहुंच सकती है।

चयन के लिए बनाई गई तीन सदस्यीय समिति

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने नए CEO के चयन के लिए तीन सदस्यीय चयन समिति का गठन किया है। इस समिति में रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) विष्णुकांत चतुर्वेदी और वैज्ञानिक सुरेश हावरे शामिल हैं।

आवेदनों की छंटनी के लिए सचिव की होगी नियुक्ति

बड़ी संख्या में आवेदन मिलने के कारण चयन समिति आवेदनों की छंटनी और पात्रता की जांच के लिए एक सचिव नियुक्त करेगी। इसके बाद योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

19 जुलाई को तय होगी आगे की प्रक्रिया

चयन समिति 19 जुलाई को बैठक करेगी। इस बैठक में प्राप्त आवेदनों की जांच, पात्रता की समीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उम्मीदवारों के ऑनलाइन इंटरव्यू भी आयोजित किए जा सकते हैं।

क्या हैं इस पद के लिए जरूरी योग्यताएं?

CEO पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उसके पास कम से कम 20 साल का प्रशासनिक अनुभव होना जरूरी है और चयन होने पर अयोध्या में रहने की इच्छा भी होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदक का आस्थावान हिंदू होना, भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा रखना और हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं का ज्ञान होना अनिवार्य शर्तों में शामिल है।

प्रारंभिक छंटनी पूरी होने के बाद योग्य उम्मीदवारों को इंटरव्यू या चर्चा के लिए बुलाया जाएगा। वहीं, 22 जुलाई को प्रस्तावित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में चयन समिति अपनी प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत कर सकती है।

Read more!
Advertisement