Oracle Layoffs: छंटनी का बड़ा झटका! सुबह-सुबह कर्मचारियों के इनबॉक्स में आया नौकरी जाने का ईमेल

Oracle ने कर्मचारियों की संख्या घटाने की प्रक्रिया फिर तेज कर दी है। टेक कंपनी ने कुछ कर्मचारियों को ईमेल के जरिए नौकरी खत्म होने की जानकारी दी है। AI निवेश और बढ़ते खर्च के बीच कंपनी के इस पुनर्गठन कदम ने टेक सेक्टर में नई चर्चा शुरू कर दी है।

Advertisement

In Short

  • Oracle ने संगठनात्मक बदलाव के तहत कुछ कर्मचारियों की नौकरियां खत्म कीं, जिसकी जानकारी उन्हें ईमेल के जरिए दी गई।
  • कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में करीब 21,000 कर्मचारियों की संख्या घटाई, जो उसके कुल वर्कफोर्स का लगभग 13% है।
  • AI और डेटा सेंटर निवेश के बढ़ते खर्च के बीच Oracle ने पुनर्गठन बजट बढ़ाकर 2.8 अरब डॉलर कर दिया है।

By Gaurav Kumar:

Oracle में फिर छंटनी, कर्मचारियों को ईमेल से मिली नौकरी खत्म होने की जानकारी टेक दिग्गज Oracle ने एक बार फिर कर्मचारियों की संख्या घटाने का फैसला किया है। कंपनी के कुछ कर्मचारियों को सोमवार सुबह ईमेल के जरिए बताया गया कि उनकी नौकरी खत्म कर दी गई है। Business Insider की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कदम Oracle के “व्यापक संगठनात्मक बदलाव” का हिस्सा है।

ईमेल में क्या कहा गया?

कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों को भेजे ईमेल में लिखा, “हम आपकी भूमिका से जुड़ी एक कठिन जानकारी साझा कर रहे हैं। Oracle की मौजूदा कारोबारी जरूरतों पर विचार करने के बाद हमने व्यापक संगठनात्मक बदलाव के तहत आपकी भूमिका खत्म करने का फैसला किया है। आज आपका आखिरी कार्य दिवस है।”

ईमेल में कंपनी ने कर्मचारियों के योगदान के लिए धन्यवाद भी दिया और कहा कि उनकी मेहनत और प्रभाव को Oracle हमेशा महत्व देगा। कर्मचारियों को बताया गया कि टर्मिनेशन पेपर पर हस्ताक्षर करने के बाद वे कंपनी की शर्तों के अनुसार सेवरेंस पैकेज के लिए पात्र होंगे। Oracle ने कहा कि कर्मचारियों को उनके Oracle ईमेल पर DocuSign के जरिए सेवरेंस और नौकरी खत्म होने की तारीख से जुड़ी जानकारी भेजी जाएगी।

2026 में Oracle ने घटाए करीब 21 हजार कर्मचारी

Oracle की हालिया फाइलिंग के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने करीब 21,000 कर्मचारियों की संख्या घटाई है। यह कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग 13% है। मौजूदा छंटनी से पहले Oracle में करीब 1.41 लाख कर्मचारी काम कर रहे थे। छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को चार हफ्ते की बेस सैलरी और कंपनी में काम किए गए हर साल के लिए एक हफ्ते की अतिरिक्त सैलरी देने की पेशकश की गई।

AI निवेश के बीच बढ़ा पुनर्गठन खर्च

Oracle ने अपने वित्त वर्ष 2026 के पुनर्गठन प्लान का बजट बढ़ाकर 2.8 अरब डॉलर कर दिया है। कंपनी ने शुरुआती 2.1 अरब डॉलर के अनुमान में 700 मिलियन डॉलर की बढ़ोतरी की है। यह अतिरिक्त खर्च मुख्य रूप से सेवरेंस भुगतान और ऑफिस सुविधाओं से बाहर निकलने के लिए रखा गया है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब Oracle AI कंप्यूटिंग की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए बड़े डेटा सेंटर तैयार कर रहा है। कंपनी OpenAI जैसे बड़े ग्राहकों के लिए क्षमता बढ़ा रही है। बड़े स्तर पर डेटा सेंटर निर्माण और विशेष हार्डवेयर खरीद ने कंपनी के वित्तीय दबाव को बढ़ाया है।

Read more!
Advertisement