12 साल Oracle में काम के बाद गई नौकरी, पत्नी ने बताई पति की मेहनत और संघर्ष की कहानी
Oracle में हुई नई छंटनी के बीच एक भारतीय कर्मचारी की नौकरी जाने का मामला चर्चा में है। कंपनी में 12 साल काम करने वाले सौरभ की पत्नी ने उनकी मेहनत और लंबे कामकाजी घंटों को याद करते हुए नई नौकरी के लिए मदद मांगी है। इस घटना ने कॉरपोरेट लॉयल्टी और नौकरी की सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है।

In Short
- Oracle में 12 साल काम करने वाले भारतीय कर्मचारी की नौकरी छंटनी में गई।
- पत्नी ने बताया- सौरभ ने त्योहारों और वीकेंड पर भी काम किया।
- मामले ने कॉरपोरेट लॉयल्टी और नौकरी सुरक्षा पर चर्चा बढ़ाई।
Oracle में एक बार फिर बड़े स्तर पर छंटनी के बाद कई कर्मचारियों पर असर पड़ा है। इसी बीच भारत में काम करने वाले एक कर्मचारी की नौकरी जाने का मामला चर्चा में आया है, जिसने कंपनी में करीब 12 साल बिताए थे। उनकी पत्नी ने पति के लंबे कामकाजी घंटों और नौकरी के प्रति समर्पण को याद करते हुए नई नौकरी के लिए मदद की अपील की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, Oracle में काम करने वाले सौरभ को छंटनी के दौरान अपनी नौकरी गंवानी पड़ी। उनकी पत्नी पूजा साहू ने बताया कि सौरभ को अपने सिस्टम का एक्सेस बंद होने के बाद अपने बाहर होने की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि सौरभ ने कई वर्षों तक कंपनी के लिए पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ काम किया।
पूजा ने बताया कि सौरभ ने कई बार त्योहारों, पारिवारिक मौकों और वीकेंड पर भी काम किया। उन्होंने दावा किया कि सौरभ होली, दिवाली और राखी जैसे त्योहारों के दौरान भी ऑफिस के काम में व्यस्त रहते थे। यहां तक कि परिवार के मुश्किल समय में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
उन्होंने बताया कि जब वह सर्जरी के लिए अस्पताल में थीं, तब भी सौरभ काम करते रहे। परिवार की छुट्टियों के दौरान भी वह कॉल पर उपलब्ध रहते थे। हाल के समय में पालतू कुत्ता अपनाने के बाद भी वह देर रात तक काम करते थे और कई बार रात 3 बजे तक काम करने की वजह से उनकी तबीयत भी खराब हुई।
LinkedIn पर छिड़ी कॉरपोरेट कल्चर पर बहस
इस मामले ने प्रोफेशनल्स के बीच कॉरपोरेट लॉयल्टी और नौकरी में व्यक्तिगत त्याग को लेकर चर्चा शुरू कर दी है। कई लोगों ने सवाल उठाया कि क्या वर्षों की मेहनत और कंपनी के प्रति समर्पण छंटनी के समय कर्मचारियों को सुरक्षित रख सकता है।
कुछ लोगों का कहना है कि कंपनियां अक्सर बिजनेस जरूरतों के आधार पर फैसले लेती हैं, जबकि कुछ ने सौरभ के अनुभव और काम की सराहना की।
एक व्यक्ति, जिसने सौरभ के साथ काम करने का दावा किया, ने उनकी तकनीकी विशेषज्ञता और समस्या समाधान क्षमता की तारीफ की। उन्होंने सौरभ को एक भरोसेमंद टीम सदस्य बताया।
नई नौकरी के लिए मदद की अपील
पूजा साहू ने अब अपने प्रोफेशनल नेटवर्क से सौरभ के लिए नए अवसर तलाशने में मदद मांगी है। उन्होंने बताया कि सौरभ आईटी इंडस्ट्री में करीब दो दशक का अनुभव रखते हैं और उन्हें Best Employee Award भी मिल चुका है।
Oracle ने इस साल पहले भी बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या कम की थी। कंपनी में हुई नई छंटनी के बाद दुनियाभर में कर्मचारियों पर असर पड़ा है। यह घटना एक बार फिर टेक इंडस्ट्री में नौकरी की सुरक्षा, कर्मचारियों की मेहनत और बदलते कॉरपोरेट माहौल को लेकर चर्चा का कारण बन गई है।