जेनसन हुआंग के विवाद से चीन की AI कंपनियों में बेचैनी! Nvidia चिप्स के लिए विदेशों में क्यों मची होड़?

Nvidia के CEO जेनसन हुआंग से जुड़े जासूसी विवाद ने चीन की AI कंपनियों की चिंता बढ़ा दी है। Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी पाबंदियां और सख्त होने के डर से चीनी कंपनियां विदेशों में Nvidia चिप्स की कंप्यूटिंग क्षमता पहले से बुक करने में जुटी हैं। आखिर कंपनियों को किस बात का डर है और अमेरिका कौन सा नया कदम उठा सकता है? जानिए।

Advertisement
Nvidia विवाद के बीच अमेरिकी पाबंदियों से घबराईं चीनी AI कंपनियां। (Image Source: Reuters)
Nvidia विवाद के बीच अमेरिकी पाबंदियों से घबराईं चीनी AI कंपनियां। (Image Source: Reuters)

In Short

  • Reuters के मुताबिक, चीनी AI कंपनियां विदेशों में Nvidia चिप्स की कंप्यूटिंग क्षमता बुक करने में जुटीं।
  • जेनसन हुआंग से जुड़े विवाद के बाद अमेरिका की सख्त पाबंदियों को लेकर चीन में चिंता बढ़ी।
  • अमेरिका का प्रस्तावित RASA कानून विदेशों से एडवांस AI चिप्स के इस्तेमाल पर रोक लगा सकता है।

By Shakshi:

अमेरिकी चिप कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग (Jensen Huang) से जुड़े जासूसी विवाद का असर अब चीन की AI कंपनियों पर भी पड़ने लगा है। न्यूज एजेंसी Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की कई कंपनियां विदेशों में Nvidia की एडवांस चिप्स से मिलने वाली कंप्यूटिंग पावर पहले से बुक करने की कोशिश कर रही हैं। उन्हें डर है कि अमेरिका जल्द ही इस सुविधा पर भी सख्त पाबंदियां लगा सकता है।

विदेशों में Nvidia की चिप्स क्यों बुक कर रही हैं कंपनियां?

Reuters ने मामले की जानकारी रखने वाले तीन लोगों के हवाले से बताया कि चीन की AI कंपनियां विदेशों के डेटा सेंटर्स में Nvidia की चिप्स इस्तेमाल करने के लिए जगह और क्षमता बुक करना चाहती हैं।

दरअसल, अमेरिका ने Nvidia की सबसे एडवांस AI चिप्स को सीधे चीन भेजने पर रोक लगा रखी है। लेकिन चीनी कंपनियां विदेशों में मौजूद डेटा सेंटर्स से कंप्यूटिंग पावर किराए पर लेकर इन चिप्स का इस्तेमाल कर सकती हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की एक बड़ी क्लाउड कंपनी इस सुविधा को पहले से बुक करने पर विचार कर रही है। वहीं, छोटी AI कंपनियां भी दक्षिण-पूर्व एशिया में डेटा सेंटर चलाने वाली कंपनियों से संपर्क कर रही हैं।

अमेरिका के नए कानून से बढ़ी चिंता

Reuters के मुताबिक, चीनी कंपनियों को डर है कि जेनसन हुआंग से जुड़ा विवाद अमेरिका में Remote Access Security Act (RASA) को आगे बढ़ाने की वजह बन सकता है।

यह प्रस्तावित कानून अमेरिकी सरकार को विदेशों से क्लाउड के जरिए एडवांस टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल पर रोक लगाने या उसे नियंत्रित करने की ताकत देगा।

अमेरिकी संसद के निचले सदन ने जनवरी में इस बिल को 369 के मुकाबले 22 वोटों से पास किया था। हालांकि, इसे अभी सीनेट की मंजूरी मिलनी बाकी है।

जेनसन हुआंग के विवाद से क्या है कनेक्शन?

Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसन हुआंग ने रविवार को अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई की बात स्वीकार की थी।

वहीं, New York Times की रिपोर्ट में दावा किया गया कि उनका रिश्ता Alice Huang नाम की महिला से था, जो सिंगापुर की क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी Megaspeed में अधिकारी रह चुकी हैं।

रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से महिला के चीन की खुफिया एजेंसी से जुड़े होने का दावा किया गया है। हालांकि, Reuters इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर सका है और चीन ने इसे खारिज किया है।

Megaspeed पर भी आरोप लगे हैं कि उसने अमेरिकी पाबंदियों वाली Nvidia चिप्स तक चीनी ग्राहकों की पहुंच बनाने में मदद की। कंपनी ने गैरकानूनी तरीके से चिप्स चीन पहुंचाने के आरोपों से इनकार किया है।

चीन के बाजार में बढ़ी Nvidia चिप्स की मांग

Reuters के मुताबिक, अमेरिकी कार्रवाई के डर से चीन के अनौपचारिक बाजार में भी Nvidia की एडवांस AI चिप्स की मांग बढ़ रही है।

कुछ कारोबारी इन चिप्स का स्टॉक जमा करने लगे हैं, क्योंकि उन्हें आशंका है कि अमेरिका आने वाले दिनों में चिप्स की तस्करी रोकने के लिए और सख्त कदम उठा सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की एक ऐसी यूनिवर्सिटी ने भी पिछले महीने Nvidia की H200 चिप्स खरीदी थीं, जो अमेरिकी प्रतिबंध सूची में शामिल है और जिसका संबंध चीन की सेना से है।

ऐसे में चीनी AI कंपनियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर अमेरिका ने विदेशों से Nvidia की चिप्स इस्तेमाल करने का रास्ता भी बंद कर दिया, तो उन्हें अपनी AI टेक्नोलॉजी के लिए जरूरी कंप्यूटिंग पावर कहां से मिलेगी?

Read more!
Advertisement