NVIDIA के CEO जेनसन हुआंग की बढ़ीं मुश्किलें! पूर्व अमेरिकी वकील करेंगे जांच
दुनिया की दिग्गज चिप कंपनी NVIDIA के CEO जेनसन हुआंग से जुड़े विवाद के बीच कंपनी के बोर्ड ने बड़ा कदम उठाया है। मामले की जांच के लिए अमेरिका के पूर्व सरकारी वकील जून एच किम और उनकी लॉ फर्म को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आखिर यह विवाद क्या है और कंपनी ने जांच का फैसला क्यों लिया? जानिए पूरा मामला।

In Short
- NVIDIA के CEO जेनसन हुआंग से जुड़े विवाद के बीच कंपनी के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच कराने का फैसला किया।
- जांच की जिम्मेदारी अमेरिका के पूर्व सरकारी वकील जून एच किम और उनकी लॉ फर्म को दी गई।
- जांच के नतीजे अभी सामने नहीं आए हैं और किसी गलत काम का आरोप साबित नहीं हुआ है।
दुनिया की बड़ी चिप बनाने वाली कंपनी NVIDIA एक विवाद में फंस गई है। कंपनी के CEO जेनसन हुआंग का नाम एक ऐसी महिला से जुड़ा है, जिस पर चीन के लिए जासूसी करने का शक है। अब कंपनी ने इस पूरे मामले की जांच कराने का फैसला किया है।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेनसन हुआंग का एक चीनी कारोबारी महिला के साथ अफेयर था। हुआंग ने भी अपनी पत्नी के अलावा दूसरी महिला के साथ रिश्ता होने की बात स्वीकार की है।
अमेरिकी अधिकारियों को शक है कि महिला चीन के लिए जासूसी कर रही थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इस रिश्ते के जरिए NVIDIA की कोई गुप्त जानकारी चीन तक पहुंची?
हालांकि, अभी तक जासूसी या कंपनी की जानकारी लीक होने का आरोप साबित नहीं हुआ है।
अब कौन करेगा जांच?
NVIDIA के बोर्ड ने अमेरिका के पूर्व सरकारी वकील जून एच किम (Joon H. Kim) और उनकी लॉ फर्म Wachtell, Lipton, Rosen & Katz को जांच की जिम्मेदारी दी है।
जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि क्या जेनसन हुआंग को जानबूझकर जासूसी के जाल में फंसाया गया था और क्या कंपनी की कोई गुप्त जानकारी बाहर गई।
NVIDIA का कहना है कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे लगे कि कंपनी की गुप्त जानकारी या अमेरिका की सुरक्षा को नुकसान पहुंचा है। जेनसन हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है।