नोएडा प्रोटेस्ट से ट्रैफिक ठप! जानें कहां-कहां जाम और क्या है बेहतर अल्टरनेट रूट

सबसे ज्यादा असर सेक्टर 62, दिल्ली-नोएडा एंट्री प्वाइंट्स और इंडस्ट्रियल हब को जोड़ने वाली सड़कों पर देखने को मिला। सुबह के पीक ऑवर में हालात और बिगड़ गए, जब पुलिस को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा लेकिन भारी भीड़ के चलते जाम खुलने में काफी वक्त लगा।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

Noida Protest News: सोमवार को नोएडा में इंडस्ट्री मजदूरों के बड़े प्रदर्शन ने ट्रैफिक व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग और जाम की वजह से ऑफिस जाने वाले लोग घंटों फंसे रहे। सबसे ज्यादा असर सेक्टर 62, दिल्ली-नोएडा एंट्री प्वाइंट्स और इंडस्ट्रियल हब को जोड़ने वाली सड़कों पर देखने को मिला।

सुबह के पीक ऑवर में हालात और बिगड़ गए, जब पुलिस को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा लेकिन भारी भीड़ के चलते जाम खुलने में काफी वक्त लगा।

सेक्टर 62 बना सबसे बड़ा जाम पॉइंट

सेक्टर 62 में फोर्टिस हॉस्पिटल रोड के पास मजदूरों ने धरना दिया, जिससे इस पूरे बेल्ट में ट्रैफिक ठप हो गया। सेक्टर 62 से सेक्टर 16 और NH-9 को जोड़ने वाले रास्तों पर भी लंबा जाम लगा रहा।

इसके अलावा चिल्ला बॉर्डर, DND फ्लाईवे, मॉडल टाउन सर्किल, रजनीगंधा चौक और सूरजपुर-यामाहा तिराहा जैसे इलाकों में भी भारी दबाव देखने को मिला।

क्यों हो रहा प्रदर्शन?

यह आंदोलन मुख्य रूप से गारमेंट और एक्सपोर्ट यूनिट्स के कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है। मजदूर लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

प्रशासन, पुलिस और नोएडा अथॉरिटी ने पहले बातचीत कर आश्वासन दिया था कि मांगों पर विचार होगा, लेकिन इसके बावजूद सोमवार को प्रदर्शन जारी रहा और हालात और बिगड़ गए।

इन रास्तों से आज बचें

ट्रैफिक पुलिस ने कुछ रूट्स पर जाने से बचने की सलाह दी है, जिनमें सेक्टर 62 फोर्टिस रोड, चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने वाले रास्ते, NH-9 के आसपास के लिंक रोड और रजनीगंधा चौक शामिल हैं। इन इलाकों में दिनभर रुक-रुक कर जाम लगने की संभावना है।

ये हैं बेहतर वैकल्पिक रास्ते

यातायात दबाव कम करने के लिए पुलिस ने कुछ वैकल्पिक रूट सुझाए हैं। दिल्ली जाने के लिए DND टोल मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा चारखा गोल चक्कर, ममूरा यू-टर्न, लाल कुआं रोड और फिल्म सिटी फ्लाईओवर जैसे रास्ते अपेक्षाकृत बेहतर विकल्प हैं। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं और ट्रैफिक को मैन्युअली कंट्रोल किया जा रहा है।

कुछ इलाकों में तनाव, पुलिस अलर्ट

नोएडा फेज-2 के कुछ हिस्सों में पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की खबरें भी सामने आई हैं। हालात को काबू में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Read more!
Advertisement