टाटा ग्रुप में ₹23,000 करोड़ के निवेश पर नोएल टाटा ने उठाए सवाल! अब हर बड़ी डील से पहले देना होगा पूरा हिसाब?
टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस में बड़े निवेश को लेकर नई बहस छिड़ गई है। नोएल टाटा ने कंपनी के बड़े फैसलों और निवेश की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। आखिर ₹23,000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव में ऐसा क्या हुआ कि नोएल टाटा को सख्त रुख अपनाना पड़ा?

In Short
- टाटा संस में ₹23,000 करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव पर नोएल टाटा ने उठाए सवाल।
- ₹100 करोड़ से बड़े निवेश के लिए टाटा ट्रस्ट्स के नियुक्त डायरेक्टर्स के बहुमत की मंजूरी जरूरी।
- - एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति और टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर भी विवाद।
टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस में बड़े निवेश को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा चाहते हैं कि कंपनी किसी भी बड़े निवेश से पहले उसके फायदे, नुकसान और जोखिम की पूरी जानकारी बोर्ड के सामने रखे। इस मांग के पीछे कई अहम फैसले और बोर्ड मीटिंग में उठे सवाल हैं।
₹23,000 करोड़ के निवेश से शुरू हुआ मामला
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस वित्त वर्ष टाटा संस की बोर्ड मीटिंग में ₹23,000 करोड़ से ज्यादा का एक इन्वेस्टमेंट प्रपोजल मंजूरी के लिए लाया गया था। इसमें एयर इंडिया, तेजस नेटवर्क्स, टाटा डिजिटल और टाटा ग्रुप की दूसरी कंपनियों में पैसा लगाने की योजना शामिल थी। इसी प्रपोजल के बाद नोएल टाटा ने बड़े निवेश की जांच को लेकर सवाल उठाए।
जून की मीटिंग में नोएल टाटा ने क्या कहा?
जून में हुई बोर्ड मीटिंग में नोएल टाटा ने कहा कि बड़े निवेश के प्रपोजल सिर्फ मंजूरी के लिए पेश नहीं किए जाने चाहिए। मैनेजमेंट को यह भी बताना होगा कि पैसा लगाने की जरूरत क्यों है, उससे कितना फाइनेंशियल रिटर्न मिलने की उम्मीद है और इसमें क्या जोखिम हो सकते हैं।
₹100 करोड़ से बड़े निवेश पर खास नियम
टाटा संस के नियमों के मुताबिक, ₹100 करोड़ से ज्यादा के निवेश के लिए टाटा ट्रस्ट्स की तरफ से नियुक्त डायरेक्टर्स के बहुमत की सहमति जरूरी है। फिलहाल नोएल टाटा और टीवीएस मोटर कंपनी के चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन ट्रस्ट्स की तरफ से नियुक्त दो डायरेक्टर हैं। नोएल टाटा ने अक्टूबर 2024 में अपने सौतेले भाई रतन टाटा के निधन के बाद टाटा ट्रस्ट्स की जिम्मेदारी संभाली थी।
सितंबर में फिर दोहराई अपनी मांग
सितंबर की बोर्ड मीटिंग में नोएल टाटा ने दोबारा कहा कि भविष्य में हर बड़े इन्वेस्टमेंट प्रपोजल के साथ पूरी बिजनेस रिपोर्ट होनी चाहिए। हालांकि, इस मीटिंग में निवेश का कोई नया या पेंडिंग प्रपोजल नहीं था। चर्चा मुख्य रूप से एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति और आरबीआई के निर्देशों पर कंपनी के जवाब को लेकर हुई।
चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर भी विवाद
इसी मीटिंग में नोएल टाटा ने एन चंद्रशेखरन को अगले पांच साल के लिए चेयरमैन नियुक्त करने के फैसले पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि यह प्रस्ताव मीटिंग के एजेंडे में शामिल नहीं था। इसलिए उन्होंने इस फैसले को अमान्य बताया और बाद में इसकी वैधता को चुनौती दी।
टाटा संस की लिस्टिंग पर क्या है विवाद?
इस बीच टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग को लेकर भी सवाल बने हुए हैं। आरबीआई ने कंपनी का कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी यानी CIC रजिस्ट्रेशन छोड़ने का आवेदन खारिज कर दिया था। इसके बाद नोएल टाटा ने लिस्टिंग से बचने के लिए टाटा संस की दो सब्सिडियरी कंपनियों को होल्डिंग कंपनी में मर्ज करने का प्रस्ताव दिया।
हालांकि, आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा साफ कर चुके हैं कि अपर लेयर में आने वाली CIC कंपनियों के लिए शेयर बाजार में लिस्ट होना जरूरी है।