Nitish Kumar Networth: राज्यसभा की ओर चले नीतीश! जानिए कितनी है बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री की संपत्ति
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी बिहार के नए सीएम पद की शपथ लेंगे। इस आर्टिकल में आज हम आपको बताएंगे की नीतीश कुमार की कुल संपत्ति कितनी है।

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है। सम्राट चौधरी को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। उन्होंने नीतीश कुमार की जगह ली है, जिन्होंने पद छोड़कर राज्यसभा जाने का फैसला किया है। सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया, जिसकी घोषणा केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। इस आर्टिकल में आज हम आपको बताएंगे की नीतीश कुमार की कुल संपत्ति कितनी है।
कितनी है नीतीश कुमार की संपत्ति?
हाल ही में राज्यसभा चुनाव के दौरान दिए गए हलफनामे के मुताबिक, नीतीश कुमार कुल 1.66 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि बिहार जैसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री रहे नीतीश के पास कैश के नाम पर सिर्फ 20,552 रुपये हैं।
उनकी कुल चल संपत्ति की वैल्यू करीब 17.91 लाख रुपये आंकी गई है। आभूषणों की बात करें तो उनके पास महज दो अंगूठियां हैं- एक 20 ग्राम सोने की और दूसरी मोती जड़ित चांदी की, जिनकी कुल कीमत 2.37 लाख रुपये के आसपास है।
दिल्ली में फ्लैट और 9 साल पुरानी कार
नीतीश कुमार की अचल संपत्ति पर नजर डालें तो उनके पास दिल्ली के द्वारका इलाके में एक फ्लैट है। संसद कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी का यह फ्लैट उन्होंने साल 2004 में महज 13.78 लाख रुपये में खरीदा था।
1000 स्क्वायर फीट के इस घर की मौजूदा कीमत अब बढ़कर करीब 1.48 करोड़ रुपये हो गई है। वाहनों के नाम पर उनके पास साल 2015 में खरीदी गई फोर्ड इकोस्पोर्ट्स कार है, जिसकी कीमत हलफनामे में 11.32 लाख रुपये बताई गई है।
नीतीश कुमार ने किया नई सरकार का समर्थन
अपने इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने साफ कहा कि नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने कहा कि 2005 से एनडीए सरकार ने कानून व्यवस्था और विकास पर लगातार काम किया है।
नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी सरकार ने हर वर्ग हिंदू, मुस्लिम, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और महादलित के लिए काम किया है।उन्होंने 2025-2030 के लिए ‘7 निश्चय-3’ विजन का भी जिक्र किया, जिसे नई सरकार आगे बढ़ाएगी।