'गंदे-गंदे नाम से बुला रहे हैं...' ट्रोलिंग पर नमिता थापर ने शेयर किया लेटेस्ट वीडियो मैसेज - जानें पूरा विवाद
एमक्योर फार्मास्युटिकल्स की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नमिता थापर अपने नमाज से जुड़े वीडियो बयान को लेकर विवादों में हैं। सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग बढ़ने के बाद उन्होंने जवाब देते हुए इसे “सेलेक्टिव आउटरेज” बताया। विवाद का असर कंपनी के शेयर पर भी दिखा, जहां हल्की गिरावट दर्ज की गई।

एमक्योर फार्मास्युटिकल्स (Emcure Pharmaceuticals) की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और शार्क टैंक इंडिया की जज नमिता थापर इन दिनों एक पुराने वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर विवादों में घिर गई हैं।
यह मामला धर्म, वेलनेस और ऑनलाइन ट्रोलिंग की एक नई बहस में बदल गया है। विवाद की शुरुआत नमिता थापर के 25 मार्च के एक वीडियो से हुई जहां उन्होंने नमाज के हेल्थ बेनिफिट्स बताए थे। उन्होंने इसकी तुलना योग से की और कहा कि इससे पाचन, शरीर के लचीलेपन और ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है। उन्होंने यह भी कहा कि नमाज के दौरान एकाग्रता बढ़ने से तनाव कम होता है।
सोशल मीडिया पर उठा विरोध का बवंडर
नमिता के इन बयानों को कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने एक विशेष धर्म को बढ़ावा देने वाला बताया। हिंदू राष्ट्रवादी विचारधारा वाले कुछ समूहों ने उनकी कड़ी आलोचना शुरू कर दी। देखते ही देखते यह विरोध निजी हमलों और अपमानजनक भाषा में बदल गया।
विवाद का असर नमिता की कंपनी और उनसे जुड़े ब्रांड्स पर भी पड़ा। ट्विटर (X) पर #BoycottEmcurePharma जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगा।
नमिता थापर का करारा जवाब
काफी समय तक चुप रहने के बाद, नमिता थापर ने आज यानी 20 अप्रैल की सुबह अपने काम पर जाते समय एक वीडियो मैसेज जारी कर ट्रोलर्स को जवाब दिया। उन्होंने साफ कहा कि अब चुप रहना ठीक नहीं है, क्योंकि हमले अब बेहद निजी हो गए हैं और उनके परिवार, खासकर उनकी मां को भी इसमें घसीटा गया है।
नमिता ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह एक मेहनती पेशेवर हैं और सुबह 6:30 बजे काम के लिए निकलती हैं, लेकिन सम्मान के साथ समझौता नहीं कर सकतीं। उन्होंने कहा कि वह पिछले 5 सालों से ट्रोलिंग झेल रही हैं, लेकिन अब भारतीयों को मानवता और देशभक्ति के नाते गलत के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
सेलेक्टिव आउटरेज पर उठाए सवाल
अपनी सफाई में नमिता ने कहा कि उन्होंने नमाज पर टिप्पणी सिर्फ सेहत और वेलनेस के दृष्टिकोण से की थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वह योग या सूर्य नमस्कार जैसे हिंदू रीति-रिवाजों पर बात करती हैं, तब कोई विवाद नहीं होता, लेकिन दूसरे धर्म की प्रथा पर बात करते ही इतना गुस्सा क्यों दिखाया जाता है?
उन्होंने इसे "सेलेक्टिव आउटरेज" यानी चुनिंदा विरोध करार दिया। इस विवाद का सीधा असर शेयर बाजार पर भी देखा गया। आज दोपहर 2:30 बजे एमक्योर फार्मास्युटिकल्स के शेयर 2.57% की गिरावट के साथ 1,629.10 रुपये पर कारोबार कर रहे थे।