दिल्ली में Uber कैब के लिए 12 मिनट का इंतजार बना यादगार, मुंबई की महिला ने बताई दिल छू लेने वाली कहानी

मुंबई की एक महिला ने दिल्ली में उबर कैब से सफर करने का अपना अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया है। कैब के लिए 12 मिनट का इंतजार उनके लिए एक यादगार सफर में बदल गया। आखिर इस छोटी सी यात्रा में ऐसा क्या हुआ, जिसने महिला का दिल जीत लिया?

Advertisement

In Short

  • दिल्ली में मुंबई की महिला को मिला कैब से सफर करने का अनोखा अनुभव
  • रोजाना करीब 12 घंटे उबर कैब चलाती हैं महिला ड्राइवर भावना
  • मुंबई की महिला ने सोशल मीडिया पर की भावना की जमकर तारीफ

By Urvashi Raghav:

दिल्ली घूमने आई मुंबई की एक महिला ने Uber कैब में सफर करने का अपना दिलचस्प अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया है। महिला ने दिल्ली में एक कैब बुक की, लेकिन जब उन्हें पता चला कि कैब चलाने वाली एक महिला है, तो वह हैरान रह गईं। कैब के लिए उन्हें 12 मिनट तक इंतजार करना पड़ा, लेकिन उनका कहना है कि यह इंतजार करना वाकई सार्थक रहा। उन्होंने इसे अपने अब तक के सबसे पसंदीदा उबर सफर में से एक बताया।

मुंबई में 10 साल में नहीं मिला ऐसा अनुभव

इंस्टाग्राम पर 'Beetown Bites' नाम से पोस्ट करने वाली महिला ने बताया कि वह करीब 10 साल से मुंबई में कैब से सफर कर रही हैं, लेकिन इस दौरान उन्हें कभी कोई महिला उबर ड्राइवर नहीं मिली।

दिल्ली में जब उन्होंने उबर बुक की तो उनके फोन पर नोटिफिकेशन आया कि 'भावना रास्ते में हैं'। उत्सुकता में उन्होंने ऐप खोलकर देखा तो पता चला कि उनकी कैब ड्राइवर एक महिला हैं।

सफर के दौरान बेहद सुरक्षित महसूस किया

महिला ने बताया कि भावना की कार बिल्कुल साफ-सुथरी थी और उसमें मैगजीन भी करीने से रखी हुई थीं। सबसे खास बात यह रही कि पूरे सफर के दौरान उन्होंने खुद को बेहद सुरक्षित महसूस किया। हालांकि, भावना के साथ हुई बातचीत ने इस सफर को और भी यादगार बना दिया।

रोजाना करीब 12 घंटे कैब चलाती हैं भावना

सफर के दौरान भावना ने अपने काम, ड्राइविंग के प्रति अपने लगाव और महिला ड्राइवरों के लिए उबर की ओर से उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया। भावना ने कहा कि वह रोजाना करीब 12 घंटे कैब चलाती हैं और मुंबई घूमने के लिए भी उत्साहित हैं। दोनों के बीच दिल्ली में सर्दियों के मौसम में खिलने वाले फूलों को लेकर भी बातचीत हुई।

महिला ने बताया कैसा भारत देखना चाहती हैं

मुंबई की महिला के लिए यह सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह जाने का सफर नहीं था। इस दौरान उन्हें उस भारत की झलक देखने को मिली, जहां ज्यादा से ज्यादा महिलाएं गाड़ी चला रही हैं, खुद पैसे कमा रही हैं और अपने काम का आनंद ले रही हैं।

उन्होंने कहा कि वह एक ऐसा भारत देखना चाहती हैं, जहां महिलाएं दूसरी महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर और सुरक्षित माहौल तैयार करें।

भावना जैसी और महिलाओं को देखने की इच्छा

महिला ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भविष्य में हम कैसा भारत देखना चाहते हैं, इस बारे में बात करना आसान है, लेकिन कभी-कभी उसकी झलक ऐसी जगहों पर मिल जाती है, जहां इसकी उम्मीद भी नहीं होती। उन्होंने भावना की तारीफ करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में और भी महिलाएं ड्राइविंग सीट पर नजर आएंगी।

Read more!
Advertisement