मुंबई में मूसलाधार बारिश का कहर, स्कूल-कॉलेज बंद, एक्सप्रेसवे पर लैंडस्लाइड; IMD का ऑरेंज अलर्ट जारी
मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। IMD ने मुंबई सहित पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एहतियातन स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, जबकि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लैंडस्लाइड और कई इलाकों में जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ है।

In Short
- IMD ने मुंबई समेत 5 जिलों के लिए अगले 3 घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया, भारी बारिश की चेतावनी दी।
- भारी बारिश के चलते मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूल-कॉलेज मंगलवार को बंद रखे गए।
- मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लैंडस्लाइड हुआ, जबकि पुणे में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 4 लोगों की मौत और 500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इसके बाद एहतियात बरतते हुए प्रशासन ने मंगलवार को मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूल एवं कॉलेजों को बंद रखने का फैसला किया है।
सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण मुंबई और उसके आस-पास के जिलों में रफ्तार थम सी गई है। शहर की कई सड़कें पानी में डूब चुकी हैं, पेड़ उखड़ गए हैं और दीवार व होर्डिंग गिरने की कई घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ समय तक भारी बारिश और तेज हवाएं जारी रह सकती हैं, जिससे यातायात, बिजली और अन्य जरूरी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लैंडस्लाइड
इस भारी बारिश का असर राज्य के प्रमुख यातायात मार्गों पर भी पड़ा है। बारिश के चलते मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 'मिसिंग लिंक' बाईपास पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो गया। टनल-2 के निकास के पास मलबा आने की वजह से मुंबई की ओर जाने वाला रास्ता करीब 18 घंटे तक पूरी तरह बंद रहा। महाराष्ट्र स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MSRDC) के इंजीनियरों और कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षा जांच पूरी की और सोमवार रात करीब 10:10 बजे इस मार्ग पर दोबारा यातायात बहाल कराया।
उधर पुणे जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन और दीवार गिरने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा, दो अन्य लोग पानी के तेज बहाव में बह गए हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाई है और प्रभावित इलाकों से 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
अगले 3 घंटे के लिए 'नाउकास्ट' बुलेटिन जारी
मौसम विभाग (IMD) ने सुबह 7:00 बजे एक नया 'नाउकास्ट' बुलेटिन जारी किया है। इसके तहत मुंबई, कोल्हापुर, सतारा, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी सहित 5 जिलों में अगले 3 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की पूरी संभावना है, जिससे जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी न होने पर यात्रा करने से बचें और नदी-नालों व लैंडस्लाइड वाले इलाकों से दूर रहें।