मुंबई लोकल सफर में बड़ा बदलाव: 2027 से पहले आ रही है यात्रियों के लिए बड़ी राहत
मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। नई एसी ट्रेनों के आने से भीड़, गर्मी और सुरक्षा जैसी परेशानियों को कम करने की तैयारी है। आखिर कब से शुरू होंगी ये ट्रेनें और इनमें क्या खास सुविधाएं मिलेंगी, जानिए पूरी खबर।

In Short
- मुंबई के लिए तैयार होंगी 238 नई एसी लोकल ट्रेनें, पहली ट्रेन 2027 में आने की उम्मीद।
- नई ट्रेनों का निर्माण ICF चेन्नई, RCF कपूरथला और MCF रायबरेली में किया जाएगा।
- ऑटोमैटिक दरवाजों समेत कई सुरक्षा सुविधाओं से लैस होंगी नई एसी लोकल।
मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। शहर के सबअर्बन रेल नेटवर्क को अपग्रेड करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत 238 नई एसी लोकल ट्रेनें तैयार की जाएंगी, जिनमें से पहली ट्रेन 2027 में ट्रैक पर आने की उम्मीद है। इस फैसले से यात्रियों को ज्यादा आराम, बेहतर क्षमता और ज्यादा सुरक्षित सफर मिल सकेगा।
तीन रेलवे फैक्ट्रियों में तैयार होंगी नई एसी लोकल
नई एसी लोकल ट्रेनों के निर्माण को तेज करने के लिए इन्हें तीन अलग-अलग रेलवे प्रोडक्शन यूनिट में बनाया जाएगा। इनमें इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) चेन्नई, रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ) कपूरथला और मॉडर्न कोच फैक्ट्री (एमसीएफ) रायबरेली शामिल हैं। पहले की खरीद प्रक्रिया में देरी हो रही थी, जिससे ट्रेनों की खरीद 2030 तक खिंच सकती थी। इसी वजह से रेलवे ने तेज निर्माण का रास्ता चुना है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: IRCTC Air Tour Package 2026: फ्लाइट से इन जगहों की करें सैर, 4 रात 5 दिन का शानदार पैकेज
19,293 करोड़ रुपये की लागत से बढ़ेगी क्षमता
238 एसी लोकल ट्रेनों को मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (एमयूटीपी)-III और एमयूटीपी-IIIA के तहत मंजूरी दी गई है। इन पर करीब 19,293 करोड़ रुपये खर्च होंगे। रेलवे के मुताबिक, हर ट्रेन में 12 कोच होंगे, जिससे मुंबई के लोकल नेटवर्क में यात्रियों को ले जाने की क्षमता बढ़ेगी।
ऑटोमैटिक दरवाजे से बढ़ेगी सुरक्षा
नई एसी लोकल ट्रेनों में ऑटोमैटिक डोर क्लोजिंग सिस्टम लगाया जाएगा। मुंबई की भीड़भाड़ वाली लोकल ट्रेनों में खुले दरवाजों के कारण सुरक्षा एक बड़ी चिंता रही है। ऐसे में यह फीचर यात्रियों की सुरक्षा को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
रोजाना 3200 से ज्यादा लोकल सेवाओं पर निर्भर मुंबई
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा पर लाखों लोग रोजाना निर्भर रहते हैं। रेलवे के अनुसार, वेस्टर्न रेलवे और सेंट्रल रेलवे मिलकर मुंबई क्षेत्र में हर दिन 3,200 से ज्यादा सबअर्बन सेवाएं चलाते हैं। अप्रैल 2026 तक नेटवर्क में कुल 3,234 सबअर्बन सेवाएं चल रही थीं, जिनमें 227 एसी लोकल सेवाएं शामिल थीं।
वेस्टर्न और सेंट्रल रेलवे पर चल रही इतनी सेवाएं
वेस्टर्न रेलवे के पास कुल 1,414 सबअर्बन सेवाएं हैं, जिनमें 133 एसी लोकल सेवाएं शामिल हैं। वहीं सेंट्रल रेलवे 1,820 सेवाएं चला रहा है, जिसमें 94 एसी लोकल शामिल हैं। नई ट्रेनों के आने से इन सेवाओं में यात्रियों को ज्यादा सुविधा मिलने की उम्मीद है।
गर्मी और भीड़ दोनों से मिलेगी राहत
मुंबई के गर्म और उमस भरे मौसम में एसी लोकल यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती हैं। खासकर उन यात्रियों को फायदा मिलेगा जो रोजाना भीड़भाड़ वाली नॉन-एसी लोकल में सफर करते हैं। नई एसी ट्रेनों से सफर ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित बनाने की कोशिश की जा रही है।