मुंबई से हवाई सफर करने वालों के लिए अलर्ट! 19 नवंबर को 6 घंटे बंद रहेगा एयरपोर्ट, उड़ानों पर पड़ेगा असर

मुंबई से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। 19 नवंबर को छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर छह घंटे तक उड़ानों का संचालन बंद रहेगा। एयरपोर्ट प्रशासन ने एयरलाइंस को पहले ही जानकारी दे दी है। आखिर क्यों लिया गया यह फैसला और यात्रियों पर क्या असर पड़ेगा?

Advertisement

In Short

  • 19 नवंबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक मुंबई एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
  • एयरपोर्ट के दोनों रनवे RWY 09/27 और RWY 14/32 पर सालाना मेंटेनेंस और सुरक्षा जांच की जाएगी।
  • एयरलाइंस को छह महीने पहले ही जानकारी दी गई थी, ताकि फ्लाइट शेड्यूल में जरूरी बदलाव किए जा सकें।

By Gungun Mishra:

अगर आप 19 नवंबर को मुंबई से फ्लाइट पकड़ने वाले हैं या मुंबई एयरपोर्ट के रास्ते कहीं जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट 19 नवंबर 2026 को छह घंटे के लिए बंद रहेगा। इस दौरान एयरपोर्ट से किसी भी फ्लाइट का टेकऑफ या लैंडिंग नहीं होगा। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के मुताबिक, गुरुवार को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों रनवे बंद रहेंगे। इसकी वजह सालाना मेंटेनेंस का काम है।

क्यों बंद रहेगा मुंबई एयरपोर्ट?

मुंबई एयरपोर्ट के दोनों रनवे RWY 09/27 और RWY 14/32 पर सालाना मेंटेनेंस का काम किया जाएगा। यह काम हर साल मानसून के बाद होने वाले मेंटेनेंस प्रोग्राम का हिस्सा है।

इस दौरान रनवे की बारीकी से जांच की जाएगी। जहां जरूरत होगी, वहां सतह की मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा रनवे की लाइटिंग, मार्किंग और पानी की निकासी वाले सिस्टम की भी जांच होगी।

MIAL के मुताबिक, इस काम का मकसद रनवे को विमानों की सुरक्षित उड़ान और लैंडिंग के लिए तैयार रखना है। इससे एयरपोर्ट की सुरक्षा और कामकाज की क्षमता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

एयरलाइंस को छह महीने पहले दी गई जानकारी

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि रनवे बंद होने की जानकारी एयरलाइंस और संबंधित एजेंसियों को पहले ही दे दी गई थी। इसके लिए नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) भी जारी किया गया है।

MIAL के मुताबिक, इस काम को लेकर एयरलाइंस के साथ करीब छह महीने पहले से बातचीत शुरू हो गई थी। इससे कंपनियों को फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव करने, दूसरे इंतजाम करने और कर्मचारियों की ड्यूटी तय करने का समय मिला।

इस तैयारी का मकसद यात्रियों को होने वाली परेशानी कम करना है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

रोजाना करीब 1,000 उड़ानों की आवाजाही

मुंबई एयरपोर्ट देश के प्रमुख यात्री और कार्गो एयरपोर्ट में शामिल है। यह करीब 1,900 एकड़ में फैला हुआ है। यहां दो रनवे एक-दूसरे को क्रॉस करते हैं।

एयरपोर्ट पर रोजाना करीब 1,000 एयर ट्रैफिक मूवमेंट होते हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में यहां से 5.529 करोड़ यात्रियों ने सफर किया। वहीं, सालाना 8.5 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा कार्गो की आवाजाही होती है।

कौन संभालता है मुंबई एयरपोर्ट?

मुंबई एयरपोर्ट का संचालन MIAL करती है। यह अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का जॉइंट वेंचर है। इसमें AAHL की 74 फीसदी हिस्सेदारी है। AAHL, अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की सब्सिडियरी कंपनी है।

दिसंबर 2024 में मुंबई एयरपोर्ट को एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल से एयरपोर्ट कस्टमर एक्सपीरियंस के लिए लेवल 5 मान्यता मिली थी। यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत का पहला और दुनिया का तीसरा एयरपोर्ट बना था।

Read more!
Advertisement