पहाड़, समुद्र और वादियों के बीच दौड़ती हैं ये ट्रेनें, जिंदगी में एक बार जरूर करें भारत के इन 6 रेल रूट्स का सफर

कभी ट्रेन पहाड़ों और घने जंगलों के बीच से गुजरती है तो कभी समुद्र के ऊपर बने पुल पर दौड़ती नजर आती है। भारत के ये छह रेल रूट ऐसे हैं, जहां खिड़की से दिखने वाले नजारे सफर को मंजिल से भी ज्यादा खूबसूरत और हमेशा के लिए यादगार बना देते हैं। पढ़ें पूरी खबर।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • भारत के इन रेल रूट्स पर सफर के दौरान पहाड़, समुद्र, रेगिस्तान और बर्फीली वादियों के शानदार नजारे देखने को मिलते हैं।
  • मुंबई-गोवा से लेकर कालका-शिमला और दार्जिलिंग टॉय ट्रेन तक हर रूट का अपना अलग अनुभव है।

By Gaurav Kumar:

Most Scenic Train Routes in India: अगर आपको घूमने के साथ-साथ रास्ते का भी पूरा मजा लेना पसंद है तो ट्रेन का सफर आपके लिए खास हो सकता है। भारत में कई ऐसे रेल रूट हैं, जहां मंजिल से ज्यादा खूबसूरत रास्ता होता है। इन यात्राओं में कहीं ऊंचे पहाड़ दिखते हैं तो कहीं समुद्र, रेगिस्तान, चाय के बागान और बर्फ से ढकी वादियां नजर आती हैं।

अक्सर लोग छुट्टियों में फ्लाइट या कार से जाना पसंद करते हैं, लेकिन ट्रेन की खिड़की से दिखने वाले नजारों का अपना अलग ही मजा होता है। अगली छुट्टी में यादगार ट्रेन सफर का प्लान बना रहे हैं तो इन छह रेल रूट्स को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल कर सकते हैं।

मुंबई से गोवा: पहाड़ और समुद्र दोनों का मजा

मुंबई से गोवा का रेल सफर भारत के सबसे खूबसूरत ट्रेन रूट्स में गिना जाता है। कोंकण रेलवे के इस रास्ते पर ट्रेन सह्याद्रि की पहाड़ियों, घने जंगलों, सुरंगों और नदियों के बीच से गुजरती है। रास्ते में अरब सागर का शानदार नजारा भी देखने को मिलता है।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: जैसलमेर रेलवे स्टेशन हुआ पूरी तरह मॉडर्न, यात्रियों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं

बारिश के मौसम में इस रूट की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है।

जोधपुर से जैसलमेर: रेगिस्तान का खास सफर

राजस्थान का यह रेल रूट यात्रियों को रेगिस्तान की अलग दुनिया दिखाता है। करीब छह घंटे के सफर में सुनहरी रेत के टीले, ऊंट और छोटे-छोटे गांव नजर आते हैं। डेजर्ट क्वीन से होने वाली यह यात्रा रेगिस्तान की खूबसूरती को पास से देखने का मौका देती है।

कालका से शिमला: सुरंगों और पहाड़ों के बीच यात्रा

कालका-शिमला रेल मार्ग अपनी खूबसूरती और पुराने इतिहास के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। यह ट्रेन 100 से ज्यादा सुरंगों और कई पुलों से होकर गुजरती है। सफर में देवदार के जंगल, गहरी घाटियां और पहाड़ों के सुंदर नजारे देखने को मिलते हैं।

सिलीगुड़ी से दार्जिलिंग: चाय के बागानों के बीच टॉय ट्रेन

दार्जिलिंग की टॉय ट्रेन घूमने वालों के बीच काफी पसंद की जाती है। यह ट्रेन पहाड़ियों, चाय के बागानों और छोटे कस्बों से होकर गुजरती है। मौसम साफ होने पर कंचनजंगा की बर्फ से ढकी चोटियों का शानदार नजारा भी दिखाई देता है।

जम्मू से बारामूला: कश्मीर की बर्फीली वादियां

जम्मू से बारामूला का रेल सफर बर्फ से ढके पहाड़ों और खूबसूरत वादियों का मजा लेने के लिए बेहतरीन है। इस रूट पर ट्रेन नदियों, घाटियों और बर्फीले पहाड़ों के बीच से गुजरती है। सर्दियों में इस रास्ते की खूबसूरती और बढ़ जाती है।

मंडपम से रामेश्वरम: समुद्र के ऊपर ट्रेन का सफर

मंडपम से रामेश्वरम की यात्रा भारत के सबसे अलग रेल सफर में शामिल है। सेतु एक्सप्रेस समुद्र के ऊपर बने मशहूर पंबन ब्रिज से गुजरती है। इस दौरान ट्रेन की खिड़की से चारों तरफ नीला समुद्र दिखाई देता है, जो इस सफर को बेहद खास और यादगार बना देता है।

Read more!
Advertisement