Microsoft Outlook डाउन होते ही दफ्तरों में जश्न वाले मीम्स वायरल, Zomato ने भी लिए मजे

माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक के ग्लोबल आउटेज ने दुनियाभर के दफ्तरों में कामकाज प्रभावित कर दिया है। लेकिन सोशल मीडिया पर इस परेशानी का अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। कर्मचारी जश्न क्यों मना रहे हैं और जोमैटो ने इस मौके पर क्या मजेदार बात कह दी? जानिए पूरी कहानी।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक और टीम्स के ग्लोबल आउटेज से लाखों यूजर्स परेशान, कई दफ्तरों में काम ठप।
  • आउटलुक डाउन होने पर सोशल मीडिया पर जश्न और लॉन्ग वीकेंड वाले मजेदार मीम्स वायरल।
  • जोमैटो ने आउटेज ठीक करने वालों को पहले लंच और डिनर तय करने की मजेदार सलाह दी।

By Gungun Mishra:

माइक्रोसॉफ्ट के ग्लोबल आउटेज ने दुनियाभर के कॉरपोरेट दफ्तरों का काम प्रभावित कर दिया है। लाखों लोग आउटलुक ईमेल, टीम्स और दूसरे जरूरी टूल्स का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। एक तरफ कंपनियां इस परेशानी से जूझ रही हैं, तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। लोग मजाकिया अंदाज में दिखा रहे हैं कि काम बंद होने से ऑफिस कर्मचारियों की खुशी का ठिकाना नहीं है।

12 घंटे से ज्यादा समय से माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस प्रभावित

माइक्रोसॉफ्ट का बड़ा आउटेज 12 घंटे से ज्यादा समय से जारी है। इसकी वजह से दुनियाभर में लाखों लोगों को आउटलुक, टीम्स और दूसरे ऑफिस टूल्स का एक्सेस नहीं मिल पा रहा है। कई देशों में बैंक, सरकारी दफ्तरों और अदालतों के कामकाज पर भी इसका असर पड़ा है।

भारत में भी इस आउटेज का असर देखने को मिला है। इंडिगो एयरलाइन को अपने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करनी पड़ी है।

ऊपर से परेशान, अंदर से खुश! वायरल हुए मजेदार मीम्स

आउटलुक डाउन होने के बाद सोशल मीडिया पर कॉरपोरेट कर्मचारियों से जुड़े मजेदार मीम्स वायरल हो रहे हैं। इनमें दिखाया जा रहा है कि कर्मचारी ऊपर से तो काम रुकने पर परेशान नजर आ रहे हैं, लेकिन अंदर ही अंदर काफी खुश हैं।

कुछ मीम्स में ऑफिस के कर्मचारियों को जश्न मनाते हुए दिखाया गया है। इनके जरिए मजाकिया अंदाज में बताया जा रहा है कि जब ईमेल और मीटिंग्स ही नहीं चल रही हैं, तो ऑफिस में काम कैसे होगा?

शुक्रवार को आउटेज, लोगों को याद आया लॉन्ग वीकेंड

इस आउटेज की टाइमिंग को लेकर भी सोशल मीडिया पर खूब मजे लिए जा रहे हैं। शुक्रवार को सर्विस ठप होने के कारण कई लोग इसे लॉन्ग वीकेंड की शुरुआत की तरह दिखा रहे हैं।

एक यूजर ने जॉनी लीवर का वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'अब मजा आएगा ना बीडू।' वहीं कुछ मीम्स में ऑफिस स्टाफ को पूरी तरह रिलैक्स मूड में दिखाया गया है। कई कर्मचारी जश्न की तैयारी करते नजर आ रहे हैं।

Zomato ने भी ली चुटकी, कहा- पहले लंच कर लो!

माइक्रोसॉफ्ट आउटेज पर जोमैटो भी मजे लेने से पीछे नहीं रहा। कंपनी ने एक्स पर एक मजेदार पोस्ट शेयर किया।

पोस्ट में आउटेज ठीक करने वाले लोगों से कहा गया कि वे पहले अपना लंच ऑर्डर कर लें और फिर डिनर भी तय कर लें। आराम से खाने के विकल्प देखें और सर्विस ठीक करने में जल्दबाजी न करें।

मीम्स ने दिखाई कॉरपोरेट दफ्तरों की हकीकत

इन मजेदार मीम्स के पीछे एक बड़ी बात भी सामने आई है। दुनियाभर की बड़ी कंपनियों का काम माइक्रोसॉफ्ट के आउटलुक, टीम्स और दूसरे टूल्स पर कितना निर्भर है, यह आउटेज से साफ हो गया है।

पिछले 12 घंटे से ज्यादा समय से इन सेवाओं में परेशानी के कारण कई दफ्तरों में काम ठप होने जैसे हालात हैं। हालांकि, सोशल मीडिया यूजर्स इस परेशानी को भी हंसी-मजाक और मीम्स के जरिए हल्के-फुल्के अंदाज में पेश कर रहे हैं।

Read more!
Advertisement