LPG मिडल ईस्ट में बढ़ते युद्ध का असर केवल वहीं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। जंग के बीच तेल और गैस की सप्लाई रुक गई है, जिसके कारण देश में लोगों के बीच पैनिक जैसे हालत हो गए हैं। लोगों को इस बात का डर है कि अगर उनके पास घरेलू गैस की सप्लाई खत्म हो गई तो फिर दोबारा जल्दी नहीं मिलेगा इसलिए कई लोग अपने पास एक से अधिक सिलेंडर जमा कर रहे हैं।
हालांकि अच्छी खबर यह है कि एलपीजी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए देश की तीन बड़ी तेल कंपनियों-इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने मिलकर ऐसे कदम उठाए हैं जिससे देश में घरेलू एलपीजी की सप्लाई बनी रहे।
घरेलू एलपीजी को प्राथमिकता
बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच देश की तीनों बड़ी तेल कंपनियों ने देश में घरेलू एलपीजी सप्लाई को जारी रखने के लिए कदम उठाए हैं। अपने X हैंडल पर पोस्ट करते हुए IOCL, BPCL, HPCL तीनों ने लिखा की एलपीजी उत्पादन बढ़ाने और घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे जरूरी क्षेत्रों को प्राथमिकता देने के कदम उठाए गए हैं।
रिफाइनरी अब ज्यादा से ज्यादा एलपीजी का उत्पादन कर रही हैं, सरकार ने भी अपने C3 और C4 स्ट्रीम का इस्तेमाल LPG उत्पादन में करने के निर्देश दिए हैं।
इस कदम से लोगों को मिलने वाली एलपीजी कुकिंग गैस की सप्लाई बाधित नहीं होगी। सरकार और तेल कंपनियां दोनों की आम जनता के लिए जरूरी घरेलू कुकिंग गैस की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही हैं, जिससे लोगों को पैनिक करने की जरूरत नहीं पड़े और उन्हें जमाखोरी या ब्लैक मार्केट में सिलेंडर नहीं खरीदने पड़ें।
साथ ही दूसरे गैर-घरेलू लेकिन जरूरी सेक्टर्स जैसे अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को भी बिना रुकावट के एलपीजी सप्लाई जारी रखेंगी सरकार और तेल कंपनियां।
गैर-घरेलू क्षेत्रों के लिए बनेगी विशेष कमेटी
गैर-घरेलू क्षेत्र जैसे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य उद्योगों के लिए एलपीजी सप्लाई को लेकर सरकार ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) के तीन कार्यकारी निदेशकों की एक कमेटी बनाई है। यह कमेटी इन सभी उद्योगों के रिक्वेस्ट और जरूरतों की जांच करेगी। इस कमेटी में OMC के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स शामिल हैं।
गैर-घरेलू क्षेत्रों को गैस सप्लाई किए जाने की बात पर निर्णय होगा कि उनकी रिक्वेस्ट कितनी उचित है, जरूरत कितनी है और कितना उत्पाद उपलब्ध है। अन्य सेक्टर्स द्वारा आवश्यकता पड़ने पर कमेटी को मेल भेजकर आप अपनी रिक्वेस्ट सबमिट कर सकते हैं। मेल भेजने के लिए आप indanecareho@indianoil.in या edlpg@bharatpetroleum.in या फिर lpg.sbu.head@hpcl.in ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर सकते हैं।
