LPG Aadhaar e-KYC Deadline: 16 अगस्त से पहले नहीं किया काम तो बढ़ सकता है गैस सिलेंडर का खर्च

एलपीजी ग्राहकों के लिए जरूरी अपडेट सामने आया है। आधार आधारित ई-केवाईसी को लेकर कंपनियों ने आखिरी तारीख तय की है। समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर घरेलू रेट वाले सिलेंडर को लेकर परेशानी आ सकती है। जानिए किन ग्राहकों को करना है ई-केवाईसी और कैसे पूरा होगा काम।

Advertisement

In Short

  • 16 अगस्त 2026 तक एलपीजी ग्राहकों को पूरा करना होगा आधार आधारित ई-केवाईसी
  • ई-केवाईसी नहीं होने पर घरेलू रेट वाले सिलेंडर की सुविधा में आ सकती है रुकावट
  • इंडेन भारत गैस और एचपी गैस ग्राहक ऐप या डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए करा सकते हैं प्रक्रिया पूरी

By Gaurav Kumar:

एलपीजी ग्राहकों के पास आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी पूरा करने के लिए अब सिर्फ कुछ दिन बचे हैं। इंडियन ऑयल ने ग्राहकों से 16 अगस्त 2026 तक यह प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। अगर ग्राहक समय पर ई-केवाईसी नहीं कराते हैं तो उन्हें घरेलू रेट पर मिलने वाले एलपीजी सिलेंडर में परेशानी हो सकती है। इस वेरिफिकेशन का मकसद असली ग्राहकों की पहचान करना और एलपीजी कनेक्शन के गलत इस्तेमाल को रोकना है। अब जानते हैं कि डेडलाइन मिस होने पर क्या असर पड़ सकता है।

ई-केवाईसी नहीं कराने पर घरेलू सिलेंडर में आ सकती है दिक्कत

इंडियन ऑयल ने साफ किया है कि 16 अगस्त तक ई-केवाईसी पूरा नहीं करने वाले ग्राहक घरेलू रेट वाले एलपीजी सिलेंडर के लिए अस्थायी रूप से अयोग्य हो सकते हैं। जब तक वेरिफिकेशन पूरा नहीं होगा, तब तक घरेलू रेट पर सिलेंडर मिलने में परेशानी आ सकती है।

हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि एलपीजी कनेक्शन तुरंत बंद कर दिया जाएगा। लेकिन ग्राहकों को ई-केवाईसी पूरा होने तक घरेलू सिलेंडर की सुविधा नहीं मिल सकती है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि इस दौरान ग्राहकों को ज्यादा कीमत वाले कमर्शियल रेट पर सिलेंडर खरीदना पड़ सकता है।

घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में बड़ा अंतर

घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में काफी अंतर है। अगस्त 2026 में 14.2 किलोग्राम घरेलू सिलेंडर की कीमत दिल्ली में ₹942, कोलकाता में ₹968, मुंबई में ₹941.50 और चेन्नई में ₹957.50 है।

वहीं 19 किलोग्राम कमर्शियल सिलेंडर की कीमत दिल्ली में ₹2,738, मुंबई में ₹2,691.50, कोलकाता में ₹2,872.50 और चेन्नई में ₹2,906 है। यानी कुछ शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹3,000 से भी ज्यादा है।

14.2 किलोग्राम सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से घरों में होता है और एलपीजी वितरण में इसका हिस्सा करीब 90% है। जबकि 19 किलोग्राम सिलेंडर का इस्तेमाल ज्यादातर रेस्टोरेंट, दुकान और दूसरे व्यावसायिक कामों में किया जाता है।

क्यों जरूरी किया गया आधार ई-केवाईसी?

सरकार एलपीजी कनेक्शन की वेरिफिकेशन प्रक्रिया को मजबूत करना चाहती है। आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि घरेलू एलपीजी सप्लाई का फायदा सही ग्राहकों तक पहुंचे और गलत इस्तेमाल या ब्लैक मार्केटिंग को कम किया जा सके।

गैर-पीएमयूवाई ग्राहकों के लिए यह प्रक्रिया मार्च 2026 से जरूरी की गई थी। इसके बाद तेल कंपनियां लगातार ग्राहकों को ई-केवाईसी पूरा करने के लिए रिमाइंडर भेज रही हैं।

इंडेन गैस ग्राहक ऐसे पूरा कर सकते हैं ई-केवाईसी

इंडेन ग्राहक इंडियन ऑयल वन ऐप और आधार फेसआरडी ऐप की मदद से घर बैठे ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले इंडियन ऑयल वन ऐप पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल से लॉगिन करना होगा।

इसके बाद 16 डिजिट एलपीजी आईडी दर्ज करनी होगी, जो कैश मेमो या सब्सक्रिप्शन वाउचर पर मिल जाती है। ग्राहक की जानकारी आने के बाद माई प्रोफाइल में जाकर री-केवाईसी विकल्प चुनना होगा। फिर फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए आधार वेरिफिकेशन पूरा किया जा सकता है।

ग्राहक चाहें तो इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर या सिलेंडर डिलीवरी करने वाले व्यक्ति के जरिए भी ई-केवाईसी करा सकते हैं।

भारत गैस और एचपी गैस ग्राहक कैसे करें वेरिफिकेशन

भारत गैस ग्राहक हेलो बीपीसीएल ऐप से ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसमें रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद ई-केवाईसी विकल्प चुनकर ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा।

वहीं एचपी गैस ग्राहक एचपी पे ऐप या आधार फेसआरडी ऐप के जरिए यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। एचपी पे में लॉगिन करने के बाद माई एचपी सेक्शन में जाकर एलपीजी और फिर ई-केवाईसी विकल्प चुनना होगा। सहमति देने के बाद फेस ऑथेंटिकेशन पूरा किया जा सकता है।

आखिरी दिन का इंतजार करने से बचें
एलपीजी ग्राहकों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि वे 16 अगस्त की डेडलाइन से पहले ई-केवाईसी पूरा कर लें। यह काम ऐप, डिस्ट्रीब्यूटर या डिलीवरी करने वाले व्यक्ति के जरिए किया जा सकता है।

समय पर वेरिफिकेशन नहीं कराने पर कनेक्शन खत्म होने की बात नहीं है, लेकिन घरेलू रेट पर एलपीजी सिलेंडर मिलने में रुकावट आ सकती है।

Read more!
Advertisement